
भागलपुर, 05 अगस्त 2026: भारत सरकार द्वारा संचालित राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (National TB Elimination Programme - NTEP) के अंतर्गत टीबी मरीजों को उपचार अवधि के दौरान समुचित पोषण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग, भागलपुर द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।इसी क्रम में आज जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. दीनानाथ, जिला कार्यक्रम प्रबंधक मणि भूषण झा, जिला लेखा प्रबंधक श्री सोमेश झा एवं श्री जितेंद्र प्रसाद ने पूर्वी बिहार चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सचिव पुनीत चौधरी से मुलाकात की।बैठक के दौरान अधिकारियों ने टीबी मरीजों के बेहतर पोषण के लिए 100 यक्ष्मा मरीजों को फूड बास्केट उपलब्ध कराने का आग्रह किया। इस पर श्री पुनीत चौधरी ने सकारात्मक पहल करते हुए तत्काल 20 टीबी मरीजों को फूड बास्केट उपलब्ध कराने हेतु अपनी सहमति प्रदान की।स्वास्थ्य विभाग ने इस सहयोगात्मक पहल की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संस्थाओं एवं उद्योग जगत के सहयोग से टीबी मरीजों को उपचार के साथ-साथ आवश्यक पोषण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी, जिससे टीबी मुक्त भारत अभियान को और अधिक गति मिलेगी।