
एसआर इंटरनेशनल एकेडमी में धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस, डॉ. राधाकृष्णन को अर्पित की गई श्रद्धांजलि
बिना गुरु का सम्मान किए सफलता की बुलंदी पर नहीं पहुंच सकता शिष्य : राकेश चतुर्वेदी
नौनिहालों ने गुरुओं के प्रति दिखाया सम्मान का भाव, केक काटकर दिए उपहार
संतकबीरनगर। उत्साह, स्नेह और सम्मान से सराबोर वातावरण के बीच दक्षिणांचल के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान एसआर इंटरनेशनल एकेडमी में शनिवार को शिक्षक दिवस धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पूरे परिसर में गुरु-शिष्य परंपरा की अनूठी छटा देखने को मिली। छात्र-छात्राओं के भाव, शब्दों और प्रस्तुतियों में अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और श्रद्धा स्पष्ट रूप से दिखाई दी।कार्यक्रम में संस्थान के मैनेजिंग डायरेक्टर राकेश चतुर्वेदी, डिप्टी डायरेक्टर मनोज कुमार पांडेय, प्रधानाचार्य देव गोस्वामी तथा पीजी कॉलेज के प्राचार्य वेद प्रकाश पांडेय ने सभी शिक्षकों का अभिनंदन करते हुए शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।मैनेजिंग डायरेक्टर राकेश चतुर्वेदी ने कहा कि समाज में गुरु और शिष्य का रिश्ता सबसे पवित्र, महान और सम्मानित संबंधों में से एक है। उन्होंने कहा कि बिना गुरु का सम्मान किए कोई भी शिष्य सफलता की बुलंदी तक नहीं पहुंच सकता। विद्यार्थियों द्वारा मिले सम्मान से अभिभूत श्री चतुर्वेदी ने शिक्षक दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं को अपने जीवन के लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने का संकल्प दिलाया।उन्होंने शिक्षकों से भी विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने और उनके कैरियर को सफलता के शिखर तक पहुंचाने का आह्वान किया।डिप्टी डायरेक्टर मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि शिक्षक दिवस गुरु और शिष्य दोनों के लिए आत्ममंथन का अवसर है। दोनों को एक-दूसरे के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करना चाहिए। तभी गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा और इस पावन दिवस की पवित्रता कायम रह सकेगी।पीजी कॉलेज के प्राचार्य वेद प्रकाश पांडेय ने कहा कि विद्यार्थियों में अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना समाज के लिए अत्यंत सकारात्मक और प्रेरणादायक संकेत है। संस्कारवान विद्यार्थी ही भविष्य में एक बेहतर समाज और राष्ट्र का निर्माण करते हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की आराधना से हुआ। इसके पश्चात संस्थान के संस्थापक स्वर्गीय पंडित सूर्य नारायण चतुर्वेदी को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। देश के महान शिक्षाविद्, दार्शनिक एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि देते हुए उनके शिक्षा एवं समाज के प्रति योगदान को याद किया गया।इस अवसर पर मैनेजिंग डायरेक्टर राकेश चतुर्वेदी ने सहायक प्रबंधक मनोज पांडेय एवं अन्य शिक्षकों के साथ डॉ. राधाकृष्णन के जन्मदिवस का केक काटा। इसके बाद विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए केक शिक्षकों के साथ काटे गए। एमडी राकेश चतुर्वेदी ने बच्चों की प्रतिभा और उत्साह की सराहना करते हुए उनका हौसला बढ़ाया।छात्र-छात्राओं ने अपने गुरुजनों को उपहार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान गुरुजनों के सम्मान और विद्यार्थियों के प्रेम ने शिक्षक दिवस समारोह को यादगार बना दिया।इस अवसर पर एसएन शुक्ला, हरिश्चंद्र यादव, कृष्णा मिश्रा, प्रेम प्रकाश पांडेय, धर्मेंद्र कुमार चौरसिया, महेंद्र चौधरी, अर्जुन प्रसाद सहित संस्थान के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।