सीसीटीएनएस प्रशिक्षण से पुलिसिंग होगी और स्मार्ट
सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ, विवेचनाओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर
थानों से पहुंचे आरक्षियों को IIF Forms, GD, FIR, CD, CS, FR व Database Services की दी गई व्यावहारिक जानकारी
संत कबीरनगर, 08 सितंबर। पुलिस कार्यप्रणाली को तकनीकी रूप से और अधिक दक्ष बनाने तथा विवेचनाओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से जनपद में सात दिवसीय सीसीटीएनएस प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलवार को हुआ। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में आयोजित यह प्रशिक्षण 08 से 14 सितंबर तक चलेगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम दिवस पुलिसकर्मियों को सीसीटीएनएस में उपलब्ध विभिन्न IIF Forms, GD, FIR, CD, CS, FR एवं Database Services से संबंधित आवश्यक प्रविष्टियों और फीडिंग की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को अभिलेखों एवं विवेचना से संबंधित सूचनाओं की सटीक, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण फीडिंग के बारे में विस्तार से समझाया गया।
तकनीकी दक्षता बढ़ाने पर जोर
प्रशिक्षण में डीसी अहमद रजा ने पुलिसकर्मियों को सीसीटीएनएस पोर्टल के विभिन्न मॉड्यूल एवं सेवाओं के संचालन की जानकारी देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि डिजिटल माध्यम से पुलिस कार्यों को अधिक व्यवस्थित, प्रभावी और पारदर्शी बनाने में सीसीटीएनएस की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम में जनपद के समस्त थानों से दो-दो आरक्षी शामिल हुए। उन्हें सीसीटीएनएस के विभिन्न मॉड्यूल और सेवाओं के संचालन की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की जा रही है, ताकि थानों पर पुलिस अभिलेखों और विवेचना संबंधी कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तेजी से पूरा किया जा सके।
डिजिटल पुलिसिंग को मिलेगा बढ़ावा
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने सीसीटीएनएस के प्रभावी उपयोग के माध्यम से विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण, अभिलेखों के डिजिटलीकरण तथा पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया है। सात दिवसीय प्रशिक्षण के माध्यम से पुलिसकर्मियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने के साथ-साथ सीसीटीएनएस के बेहतर उपयोग को सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।