न आवास, न सहारा, न ट्राई साइकिल... भीख मांगकर जीवन काट रहे दिव्यांग सुरेश ने डीएम से मांगी मदद
संतकबीरनगर। जिलाधिकारी कार्यालय पर सोमवार को एक दिव्यांग व्यक्ति अपनी समस्याओं को लेकर मदद की गुहार लगाने पहुंचा। सुरेश यादव निवासी ग्राम सुकरौली, तहसील खलीलाबाद, जनपद संतकबीरनगर दोनों पैरों से दिव्यांग हैं। सुरेश का कहना है कि उन्हें अभी तक ट्राई साइकिल उपलब्ध नहीं हुई है, जिसके कारण उन्हें आने-जाने में काफी परेशानी होती है।
सुरेश ने बताया कि उनके माता-पिता भी नहीं हैं और उनकी देखभाल करने वाला भी कोई नहीं है। उनके पास रहने के लिए अपना कोई आवास भी नहीं है। ऐसे में वह किसी तरह भीख मांगकर अपना जीवन यापन करने को मजबूर हैं।
सुरेश का कहना है कि जब वह भीख मांगने के लिए बाहर निकलते हैं तो उन्हें काफी शर्मिंदगी महसूस होती है। ट्राई साइकिल न होने के कारण उन्हें किसी तरह जमीन पर चलना पड़ता है। इस दौरान रास्ते में पड़े कंकड़ और शीशे उनके पैरों में चुभ जाते हैं, जिससे उन्हें काफी दर्द होता है।
सुरेश यादव ने जिलाधिकारी से निवेदन करते हुए कहा कि यदि उन्हें ट्राई साइकिल और रहने के लिए आवास उपलब्ध करा दिया जाए तो उनका जीवन काफी आसान हो जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मानवीय आधार पर जल्द सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।