
काम कराने के बहाने घर बुलाकर युवक पर जानलेवा हमला, नकदी व मोबाइल छीना; चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
#लालबहादुर_भाखर #Lalbahadurbhakhar #pilibanga #LatestNews #RajasthanNews
पीलीबंगा/हनुमानगढ़:- पीलीबंगा कस्बे के निहालपुरा क्षेत्र में मजदूरी के बहाने एक युवक को घर बुलाकर बंधक बनाने, धारदार हथियार से सिर फोड़ने और लूटपाट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित युवक की शिकायत पर पुलिस ने पड़ोसी सहित चार नामजद आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला, मारपीट, लूट और धमकी देने की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
निहालपुरा निवासी 30 वर्षीय बिट्टू सिंह पुत्र गुलाब सिंह ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 18 अगस्त की सुबह करीब 6 बजे उसका पड़ोसी नानक उसके पास आया। नानक ने अपने घर में लिपाई का काम करवाने की बात कही और उसे अपने साथ ले गया।
पीड़ित के अनुसार, जब वह नानक के घर पहुंचा तो वहां पहले से ही नीलम, काकड़ सिंह और गुरदेव कौर मौजूद थे। चारों आरोपियों ने घर का दरवाजा बंद कर बिना किसी कारण उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने जबरन उसकी जेब की तलाशी ली और उसमें रखे 1200 रुपये नकद व उसका मोबाइल फोन छीन लिया।
जब बिट्टू सिंह ने इसका विरोध किया, तो आरोपी काकड़ सिंह ने तैश में आकर उसके सिर पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में बिट्टू के सिर से अत्यधिक खून बहने लगा और वह लहूलुहान हो गया। जाते-जाते आरोपियों ने उसे पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की खुली धमकी भी दी।
घायल बिट्टू सिंह ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर घायल का मेडिकल करवाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पूछताछ के लिए तलब किया जाएगा।