नशा मुक्ति एवं नैतिक शिक्षा से संवरेगा विद्यार्थियों का भविष्य: ब्रह्मकुमारी आश्रम द्वारा जागरूकता कार्यक्रम
#लालबहादुर_भाखर #Lalbahadurbhakhar #RajasthanNews #LatestNews #Pilibanga
पीलीबंगा/हनुमानगढ़ :- पीलीबंगा क्षेत्र के पंडितावाली स्थानीय शहीद भूपेंद्र सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में ब्रह्मकुमारी आश्रम, पीलीबंगा के तत्वावधान में नशा मुक्ति एवं नैतिक शिक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आश्रम से पधारीं ब्रह्मकुमारी रानी दीदी एवं ब्रह्मकुमारी ज्योति दीदी का विद्यालय परिवार द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए ब्रह्मकुमारी बहनों ने नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही, चरित्र निर्माण, अनुशासन, सकारात्मक सोच, आत्मसंयम और नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री मनोज कुमार ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच और नैतिक मूल्यों का विकास होता है। इस अवसर पर शिक्षक रविंद्र कुमार, सरोज, शिवरतन सिहाग, कुलदीप कुमार, सुशील कुमार, अल्का रानी, शकुंतला, मुकेश कुमार, सुनील कुमार एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Pilibanga, Hanumangarh | Aug 22, 2026