
रामकुंड से जल लेकर निकली कांवड़ यात्रा, कोशलेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया
जगह-जगह स्वागत हुआ कांवड़ यात्रा का, कई जगह जलपान की भी व्यवस्था की भक्तों ने
कोंच। श्रावण मास को देखते हुए अयोध्यावासी स्वर्णकार समाज के तत्वावधान में बुधवार को रामकुंड से कोसलेश्वर महादेव मंदिर तक भव्य कांवड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, भगवान शिव के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
कांवड़ यात्रियों ने रामकुंड से जल भरकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए कोसलेश्वर महादेव मंदिर की ओर प्रस्थान किया। यात्रा के दौरान श्रद्धालु ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष करते हुए चल रहे थे। पालिकाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने यात्रा का स्वागत किया, इसके अलावा जगह-जगह लोगों ने कांवड़ियों का स्वागत किया और यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए जलपान एवं पेयजल की व्यवस्था की। कोसलेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर कांवड़ियों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया और सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि धार्मिक आयोजनों से समाज में एकता, भाईचारा और आपसी सद्भाव मजबूत होता है। कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में समाज के पुरुष, महिलाएं और युवा शामिल रहे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे यात्रा मार्ग में शिवभक्ति का माहौल बना रहा और भगवान भोलेनाथ के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। इस दौरान अयोध्यावासी स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष मुकेश सोनी, उपाध्यक्ष ज्ञान सोनी, मंत्री अरविंद सोनी, सुरेश सोनी, प्रह्लाद कौशल, जय प्रकाश सोनी, मनोज कौशल, हरदयाल सोनी, मनीष सोनी, बाबा, रामू सोनी, मुन्ना सोनी, आनंद सोनी, सचिन सोनी, सत्यम सोनी, अनिल सोनी, प्रदीप सोनी, संतोष सोनी, शैलेष सोनी, अंकुर सोनी, आयुष सोनी आदि शामिल रहे।
Konch, Jalaun | Aug 27, 2026