बिना रुके हो रही बारिश से दो कच्चे घर जमींदोज, दो महिलाएं घायल
कोंच। तहसील क्षेत्र में मंगलवार शाम से शुरू होकर लगातार जारी बारिश से बुधवार की सुबह दो कच्चे घर भरभरा कर जमींदोज हो गए। हादसों में दो महिलाएं मलबे में दबकर घायल हो गईं। एक की हालत गंभीर होने पर उसे उरई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
कस्बे के भगत सिंह नगर मोहल्ले के राम तलैया इलाके में अतर सिंह पुत्र लालू अपनी पत्नी राखी (32) और तीन बच्चों के साथ कच्चे घर में रह रहे थे। लगातार बारिश के कारण बुधवार सुबह करीब 8 बजे घर अचानक भरभरा कर गिर गया। हादसे में राखी मलबे में दबकर घायल हो गईं। परिजनों और आसपास के लोगों ने उन्हें बाहर निकाला। परिजनों के अनुसार, आवास के लिए करीब दो साल पहले आवेदन किया गया था, लेकिन अभी तक सरकारी आवास का लाभ नहीं मिल सका है। दूसरी घटना तहसील के महेशपुरा निवारी गांव में हुई। यहां सुनील वर्मा की 17 वर्षीय बेटी महक अपने दो भाइयों के साथ कच्चे घर में थी। सुबह करीब 6 बजे घर गिरने से महक मलबे में दब गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। उस समय पिता शौच के लिए गए थे, जबकि मां पशुओं को चारा डाल रही थीं। पड़ोसियों और परिजनों ने महक को बाहर निकालकर कोंच सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे उरई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
Konch, Jalaun | Aug 27, 2026