Public App Logo
चंदकुआं पर नाला सफाई के लिए पहुंची जेसीबी फोटो खिंचा कर वापस लौटी भूतेश्वर मंदिर में घुटनों तक नाले के पानी में खड़े होकर आरती करते पुजारी का वीडियो वायरल होने के बाद नींद खुली पालिका की कोंच। 15 अगस्त को हुई बारिश ने नगर पालिका की नाला सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश के बाद कस्बे की कई सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं और चंदकुआं चौराहे पर जलभराव के चलते लोगों के घरों, दुकानों से लेकर मंदिर और अस्पताल तक पानी पहुंच गया। प्राचीन भूतेश्वर मंदिर भी जलभराव की चपेट में आ गया और दूषित पानी शिवलिंग तक पहुंच गया। जलभराव के बीच मंदिर में पुजारी द्वारा आरती किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नगर पालिका की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे। प्रशासन के उच्चाधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए नगर पालिका प्रशासन को तत्काल नालों की सफाई कराने के निर्देश दिए।वीडियो वायरल होने के अगले ही दिन पालिका की टीम चंदकुआं पहुंची और जेसीबी की मदद से नाले की सफाई शुरू कराई। बताया गया कि नाले की एक जगह से ही कई ट्रॉली मलबा निकला। इसके बावजूद कुछ देर की कार्रवाई के बाद अभियान बंद कर दिया गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाला सफाई के नाम पर महज खानापूर्ति की गई। उनका कहना है कि पालिका की टीम कुछ देर तक जेसीबी चलाने के बाद फोटो खिंचवाकर मौके से चली गई। यदि नाले की पूरी तरह सफाई कराई जाती तो जलनिकासी की समस्या का समाधान हो सकता था। लोगों का कहना है कि नालों की नियमित सफाई और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष उन्हें जलभराव की समस्या से जूझना पड़ता है। अब देखना यह है कि पालिका प्रशासन फोटो सेशन तक सीमित इस कार्रवाई को आगे बढ़ाकर जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान कराता है या फिर अगली बारिश का इंतजार करता है। नालों पर अतिक्रमण हटवाने के लिए कराया जा रहा ऐलान कोंच। जलभराव की समस्या को देखते हुए एसडीएम अभिनव कुमार यादव ने बताया कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा नालों पर किए गए अतिक्रमण को हटवाने के लिए ऐलान कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नालों पर अतिक्रमण के कारण सही से नाला सफाई नहीं हो पा रही है। अतिक्रमण हटने के बाद नालों की सफाई कराकर जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर कराया जाएगा। - Konch News