
सेवा की कहानी: प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से प्रदीप विश्वकर्मा के हुनर को कारोबार में बदलने का संबल
------------------------------
एक लाख ऋण, कौशल प्रशिक्षण और टूलकिट सहायता से जय माता दी स्टील वेल्डिंग वर्कशॉप को मिली नई दिशा
------------------------------
विदिशा। हुनर, मेहनत और सही अवसर का साथ मिले तो आत्मनिर्भरता की राह आसान हो जाती है। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना ने ऐसे ही पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को अपने कौशल को व्यवसाय में बदलने तथा स्वरोजगार को आगे बढ़ाने का अवसर दिया है। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान कार्यक्रम के तहत आज कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने लटेरी में उघमियों से संवाद किया है।इस अवसर पर लटेरी निवासी श्री प्रदीप विश्वकर्मा इसकी एक प्रेरणादायक मिसाल हैं। हितग्राही श्री प्रदीप विश्वकर्मा ने बताया है कि जय माता दी स्टील वेल्डिंग वर्कशॉप का संचालन कर वेल्डिंग के क्षेत्र में अपने हुनर के माध्यम से स्वरोजगार कर रहे हैं। वेल्डिंग का कार्य तकनीकी दक्षता, अनुभव और कुशलता की मांग करता है। अपने व्यवसाय को और बेहतर बनाने तथा कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का लाभ प्राप्त किया।
योजना से मिला आर्थिक और तकनीकी संबल -
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के माध्यम से श्री प्रदीप विश्वकर्मा को व्यवसाय के संचालन एवं विस्तार के लिए एक लाख रुपए का ऋण प्राप्त हुआ। ऋण सुविधा के साथ उन्हें 5 प्रतिशत वार्षिक रियायती ब्याज दर का लाभ मिला, जिससे व्यवसाय में आवश्यक निवेश करने का अवसर मिला।
योजना के अंतर्गत उन्हें अपने कार्य से संबंधित कौशल प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। इसके साथ ही व्यवसाय में उपयोगी टूलकिट एवं आधुनिक औजारों की सहायता मिली। इन सुविधाओं से उन्हें अपने पारंपरिक कौशल को और अधिक निखारने तथा कार्य को बेहतर तरीके से संचालित करने में सहयोग मिला।
हुनर को मिला सम्मान, आत्मनिर्भरता को नई राह -
श्री प्रदीप विश्वकर्मा बताते हैं कि योजना के माध्यम से प्राप्त आर्थिक सहायता, प्रशिक्षण और टूलकिट ने उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया है। इससे उन्हें अपने हुनर के साथ आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और स्वरोजगार को मजबूत करने का अवसर मिला है।
उनकी जय माता दी स्टील वेल्डिंग वर्कशॉप, लटेरी आज इस बात का उदाहरण है कि सरकारी योजनाओं का प्रभावी लाभ लेकर पारंपरिक कारीगर अपने कौशल को आधुनिक संसाधनों से जोड़कर आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों एवं शिल्पकारों को प्रशिक्षण, टूलकिट, ऋण एवं अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराकर उनके हुनर को सशक्त बनाना है। #vidisha #JansamparkMP #SevaSankalpAbhiyan