कन्या छात्रावास में छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण, एनीमिया एवं स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
..
स्वास्थ्य परीक्षण के साथ योग, पोषण, व्यक्तिगत एवं मानसिक स्वास्थ्य तथा मासिक धर्म स्वच्छता की दी जानकारी
..
शासकीय कन्या छात्रावास इन्द्रा कॉम्पलेक्स विदिशा में दो दिवसीय 13 एवं 14 अक्टूबर को छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग एवं जागरूक बनाना रहा, ताकि वे स्वस्थ आदतों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना सकें।
स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता -
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) की मेडिकल ऑफिसर डॉ. उमा शाक्य द्वारा छात्रावास में निवासरत छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान छात्राओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। डॉ. उमा शाक्य ने छात्राओं को योग, पोषण, स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की वहीं छात्रावासी छात्राओं की स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञसाओ का सहजता पूर्वक समाधान किया है। उन्हें नियमित रूप से योग एवं शारीरिक गतिविधियां करने से होने वाले लाभों की जानकारी देते हुए बताया गया कि योग शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक एकाग्रता और तनाव कम करने में भी सहायक है।
एनीमिया से बचाव के लिए जागरूकता -
कार्यक्रम में छात्राओं को एनीमिया के लक्षण एवं उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। शरीर में आयरन की कमी से होने वाले एनीमिया के प्रति जागरूक करते हुए संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने की समझाइश दी गई। छात्राओं को आयरन की गोलियों के महत्व के बारे में भी बताया गया तथा चिकित्सकीय सलाह के अनुसार आयरन का सेवन करने के लिए प्रेरित किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान छात्राओं के हीमोग्लोबिन स्तर की जांच भी की गई, जिससे उनके स्वास्थ्य की स्थिति का परीक्षण कर आवश्यकतानुसार उचित परामर्श दिया जा सके।
व्यक्तिगत एवं मानसिक स्वास्थ्य परामर्श -
कार्यक्रम के दौरान उमंग स्वास्थ्य केन्द्र में पदस्थ परामर्शदाता कीर्ति भार्गव द्वारा छात्राओं को स्वास्थ्य एवं परामर्श सेवाओं की जानकारी दी गई। छात्राओं को उमंग स्वास्थ्य केन्द्र में उपलब्ध विभिन्न सेवाओं के बारे में अवगत कराया गया। परामर्शदाता द्वारा छात्राओं से व्यक्तिगत एवं मानसिक स्वास्थ्य, किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों तथा उनसे संबंधित समस्याओं के बारे में संवाद किया गया। छात्राओं को अपनी समस्याओं को बिना संकोच उचित परामर्शदाता अथवा स्वास्थ्य विशेषज्ञ के समक्ष रखने के लिए प्रेरित किया गया।
मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन की समझाइश -
छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता एवं स्वास्थ्य प्रबंधन के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी गई। स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने, सुरक्षित एवं स्वच्छ साधनों का उपयोग करने तथा स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करने की समझाइश दी गई। छात्राओं को बताया गया कि किशोरावस्था में स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान शासकीय कन्या छात्रावास इन्द्रा कॉम्पलेक्स विदिशा की अधीक्षक श्रीमती डॉ. सीता अहिरवार , श्रीमती प्रतिभा शर्मा, श्रीमती वंदना दांगी एवं श्रीमती पारुल सक्सेना उपस्थित रहीं। छात्रावास प्रबंधन द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम के सफल आयोजन में आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया। #vidisha