विमुक्त, घुमंतू एवं अर्धघुमंतु समुदाय के लिए विशेष शिविर संपन्न
..
दस्तावेजों एवं शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने विशेष शिविर, मौके पर बनाए गए 12 आयुष्मान कार्ड
..
विमुक्त, घुमंतू एवं अर्धघुमंतु समुदाय के परिवारों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने तथा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में तहसील स्तर पर विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को विदिशा तहसील एवं गुलाबगंज तहसील में विशेष शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में समुदाय के लोगों की विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं को समझते हुए उन्हें दस्तावेज एवं शासकीय योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराने की पहल की गई।
शिविर में विमुक्त, घुमंतू एवं अर्धघुमंतु समुदाय के लोगों से जाति प्रमाण पत्र, मूल निवासी प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, समग्र आईडी, आधार कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए। इसके साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए पात्र हितग्राहियों की जानकारी लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई। शिविर के दौरान मौके पर ही 12 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जिससे पात्र परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
शिविर में प्रशासनिक अधिकारियों एवं संबंधित विभाग के मैदानी अमले ने समुदाय के लोगों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध होने से हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी। शिविरों का उद्देश्य ऐसे परिवारों तक शासन की सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है, जो दस्तावेजों के अभाव अथवा अन्य कारणों से अब तक योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रहे हैं।
इस अवसर पर गुलाबगंज तहसीलदार, घुमंतू विभाग से एडी जनब हमीद, इंस्पेक्टर नेहा आर्य, विमुक्त, घुमंतू एवं अर्धघुमंतु मध्य भारत प्रांत टोली के रोजगार आयाम प्रमुख संदीप उदयवाल, विदिशा जिला संयोजक सुरेंद्र कुशवाह, जिला टोली (दस्तावेज एवं शासकीय योजनाओं का लाभ) राजकुमार प्रजापति सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में समुदाय के लोग उपस्थित रहे।
दस्तावेजों के अभाव में योजनाओं से वंचित परिवारों को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास -
शिविर में पदाधिकारियों ने बताया कि नट, कुचबंदिया, बंजारा, कंजर, पारधी, सांसी सहित विमुक्त, घुमंतू एवं अर्धघुमंतु समुदाय के अनेक परिवार आज भी आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे परिवारों को चिन्हित कर उनके आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने और पात्रतानुसार योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष शिविर उपयोगी साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से समुदाय के लोगों को एक ही स्थान पर आवश्यक जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ उन्हें शासन की कल्याणकारी योजनाओं की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस पहल से समुदाय के परिवारों को पहचान संबंधी दस्तावेज प्राप्त करने, स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेने तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं तक उनकी पहुंच आसान होगी। #vidisha
39 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Oct 14, 2026