कलेक्टर अंशुल गुप्ता के नेतृत्व में जनगणना-2027 की तैयारियां तेज, विदिशा में अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
..
जनगणना अधिकारियों एवं नगरीय निकायों के अधिकारी-कर्मचारियों को दिया जा रहा प्रशिक्षण
..
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत विदिशा जिले में जनसंख्या गणना कार्य को सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला स्तर पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के नेतृत्व में जिले में जनगणना कार्य से संबंधित तैयारियों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर समन्वय एवं प्रशिक्षण पर जोर दिया जा रहा है। दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला पंचायत सभाकक्ष, विदिशा में आयोजित किया जा रहा है। जनगणना कार्य निदेशालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना के द्वितीय चरण में होने वाली जनसंख्या गणना के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक प्रक्रियाओं और दायित्वों से अवगत कराना है। जनसंख्या गणना का कार्य फरवरी 2027 में किया जाना प्रस्तावित है। जनगणना निदेशालय के प्रशिक्षकों द्वारा दिया जा रहा प्रशिक्षण प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य निदेशालय, मध्यप्रदेश के प्रशिक्षक श्री दिलीप साहू एवं सुश्री दीक्षा केसवानी द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
अपर कलेक्टर व जिला जन गणना अधिकारी श्रीमती मीना मसराम ने प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य से संबंधित प्रक्रियाओं, निर्धारित दिशा-निर्देशों तथा जिम्मेदारियों के अनुरूप कार्य संपादित करने के उपायों पर गहन प्रकाश डाला उन्होंने कहा है कि प्रशिक्षण के दौरान जनगणना संबंधी अपनी तमाम जिज्ञासाओं का समाधान बेहिचक प्राप्त करें जरुरत पड़े तो बार बार पूछे। जनगणना-2027 के अंतर्गत जिले में प्रशिक्षण संबंधी समन्वय एवं व्यवस्थाओं के लिए डिप्टी कलेक्टर श्री नितिन कुमार जैन को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जिला एवं नगरीय निकायों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल -
प्रशिक्षण में जिला जनगणना अधिकारी, नोडल अधिकारी श्री नितिन कुमार जैन, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (एनआईसी), जनगणना लिपिक तथा जिला कार्यालय के तकनीकी सहायक शामिल हैं। इसके अतिरिक्त जिले के प्रत्येक नगरीय क्षेत्र से मुख्य नगर पालिका अधिकारी, जनगणना लिपिक एवं तकनीकी सहायक भी प्रशिक्षण में सहभागिता कर रहे हैं। इसका उद्देश्य जनगणना कार्य में संलग्न सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना और कार्य के क्रियान्वयन में समन्वय सुनिश्चित करना है।
सुबह 9.30 से शाम 6 बजे तक निर्धारित है प्रशिक्षण का समय -
जिला पंचायत सभाकक्ष, विदिशा में आयोजित प्रशिक्षण का समय प्रातः 9.30 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। प्रथम दिन प्रातः 9.30 बजे से अधिकारियों एवं कर्मचारियों का पंजीयन एवं संक्षिप्त परिचय कराया गया। इसके बाद चाय उपरांत प्रातः 11 बजे से जनगणना कार्य निदेशालय, मध्यप्रदेश के प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण प्रारंभ किया गया।
दो दिवसीय प्रशिक्षण के माध्यम से जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की प्रशासनिक एवं तकनीकी तैयारियों को सुदृढ़ करने पर ध्यान दिया जा रहा है, ताकि फरवरी 2027 में होने वाली जनसंख्या गणना निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराई जा सके। #vidisha #जनगणना_2027
18 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Oct 12, 2026