रबी सिंचाई के लिए 1 नवंबर से नहरों में छोड़ा जाएगा पानी
..
बांधों के 71 प्रतिशत जल का पेयजल के लिए आरक्षण, 50 प्रतिशत जलभराव वाले बांधों से किसानों को मिलेगा एक पानी
..
जिले में रबी फसलों की सिंचाई के लिए जल उपलब्धता एवं जल वितरण व्यवस्था को लेकर जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक गुरुवार को अपर कलेक्टर श्रीमती मीना मसराम की अध्यक्षता में संपन्न हुई। शमशाबाद विधायक श्री सूर्य प्रकाश मीणा की उपस्थिति में जिला पंचायत के सभा कक्ष में आहूत उक्त बैठक में समिति के सभी सदस्यगणों के साथ साथ जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने जिले के जलाशयों में उपलब्ध जल की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की।
बैठक में जलाशयों में उपलब्ध जल, सिंचाई परियोजनाओं की स्थिति, नहरों की साफ-सफाई, कमांड क्षेत्र में जल वितरण तथा पेयजल के लिए आरक्षित जल की समीक्षा की गई। अधिकारियों द्वारा विभिन्न जलाशयों एवं सिंचाई परियोजनाओं में उपलब्ध जल की जानकारी प्रस्तुत की गई।
पंबैठक में बताया गया कि जिले के पंबांधों में उपलब्ध जल का 71 प्रतिशत हिस्सा पेयजल की आवश्यकता के लिए आरक्षित रखा गया है। वहीं जिन बांधों में 50 प्रतिशत तक जलभराव उपलब्ध है, वहां से किसानों को रबी फसलों की सिंचाई के लिए एक पानी उपलब्ध कराया जाएगा। जल की उपलब्धता के आधार पर सिंचाई के लिए पानी छोड़े जाने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि पेयजल की आवश्यकता को सुरक्षित रखते हुए किसानों को भी आवश्यक सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सके।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिले के सभी जलाशयों की नहरों से रबी सिंचाई के लिए राज्य स्थापना दिवस 1 नवंबर 2026 से जल प्रवाह प्रारंभ किया जाएगा। नहरों में जल प्रवाह संबंधित जलाशयों में उपलब्ध जल की स्थिति के अनुसार किया जाएगा। इसके साथ ही नहरों की साफ-सफाई एवं जल वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए गए, जिससे सिंचाई जल का समुचित एवं समान वितरण सुनिश्चित हो सके।
बैठक में कमांड क्षेत्र में जल वितरण व्यवस्था पर विशेष रूप से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जल का विवेकपूर्ण उपयोग किए जाने से अधिक से अधिक किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ दिया जा सकता है। किसानों से भी अपील की गई कि वे उपलब्ध सिंचाई जल का आवश्यकता के अनुसार उपयोग करें और पानी की बर्बादी न होने दें।
विधायक श्री मीणा ने जल कर वसूलने, विदिशा नगरपालिका को पेयजल पाइप लाइन से रिलिज करने तथा सिंचाई हेतु किसानों को जल का सदोपयोग करने पर बल दिया है। बैठक के दौरान समिति के सदस्यों द्वारा भी आवश्यक सुझावों से अवगत कराया गया है। कार्यपालन यंत्री श्रीमती किरण भाबोर ने कमांड क्षेत्र के कृषकों से अपील की कि वे सिंचाई के लिए उपलब्ध जल का समुचित एवं मितव्ययी उपयोग करें, ताकि कमांड क्षेत्र के अधिक से अधिक कृषकों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।बैठक में जलसंसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ साथ मुख्य नगर पालिका अधिकारी विदिशा श्री दुर्गेश ठाकुर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी गंजबासौदा श्री अशोक वर्मा तथा कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। #vidisha
1 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Oct 15, 2026