
फुलवरिया डैम मोड़ के पास बाइक-कार की टक्कर में तीन व्यक्ति घायल,रेफर
रजौली थाना क्षेत्र के फुलवरिया डैम मोड़ के पास रविवार को बाइक और कार की टक्कर में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों के सहयोग से तीनों घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया।घटना की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन भी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंच गए।घायलों की पहचान हरदिया गांव निवासी बुधन यादव के पुत्र विनोद यादव,हरदिया सेक्टर - बी निवासी राजेंद्र प्रसाद यादव के पुत्र चंदन कुमार और नरहट निवासी नरेश प्रसाद के पुत्र भूपेंद्र कुमार के रूप में हुई है।घायल विनोद यादव ने बताया कि तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर चोरडिहा गांव से रजौली के ओर जा रहे थे इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही कार ने अचानक उनकी बाइक में टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों व्यक्ति सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त कार और बाइक पड़ी रही।आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल घायलों को उठा कर अस्पताल पहुंचाया।अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ. श्यामनंदन प्रसाद ने तीनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल नवादा रेफर कर दिया।घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही। परिजन घायलों की स्थिति को लेकर परेशान दिखे।इधर हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटना की जानकारी जुटाने में लगी है।पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों और क्षतिग्रस्त वाहनों के संबंध में जानकारी ली जा रही है।
Rajauli, Nawada | Aug 31, 2026