
जनसुनवाई समाप्त होने के बाद भी फरियादियों के बीच पहुंचे जिलाधिकारी स्वयं सुनीं समस्याएं
कार्यालय कक्ष के बाहर फरियादियों को देख डीएम ने बढ़ाया मदद का हाथ, मा0 मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुरूप समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
अंकुर श्रीवास्तव ✍️
उरई। जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी समीर की संवेदनशीलता आज जनसुनवाई के दौरान देखने को मिली। जिलाधिकारी ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जनसुनवाई करते हुए दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान विद्युत विभाग, पुलिस, राजस्व, पारिवारिक विवाद सहित विभिन्न मामलों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रेषित करते हुए निर्देशित किया कि वे स्वयं मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को सुनें तथा प्रकरणों की वास्तविक स्थिति और गुण-दोष के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए निर्धारित समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित करें।जनसुनवाई समाप्त होने के बाद भी जिलाधिकारी की संवेदनशीलता का एक और उदाहरण देखने को मिला। अपराह्न लगभग दो बजे जब कुछ फरियादी अपनी समस्याओं को लेकर आए थे तभी जिलाधिकारी की नजर उन पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए स्वयं फरियादियों के पास पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके प्रार्थना पत्र प्राप्त कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने फरियादियों को आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों का निस्तारण शासन की मंशा के अनुरूप समयसीमा के भीतर और पूरी निष्पक्षता के साथ कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी की स्पष्ट मंशा है कि जनसामान्य की शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर न होकर वास्तविक रूप से हो। प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच करते हुए शिकायतकर्ता को न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
#JalaunNews #dmjalaun #oraijalaun
Orai, Jalaun | Nov 17, 2026