
दीपावली , काली पूजा एवं छठ पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण तथा सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा, अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक
किशनगंज जिला मुख्यालय में,अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार की अध्यक्षता में जिले भर में दीपावली , काली पूजा एवं छठ पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिनियुक्त संबंधित पदाधिकारियों पुलिस पदाधिकारी को ब्रीफिंग किया गया ।
समीक्षा के क्रम में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, अग्निशमन, स्वास्थ्य सेवाओं एवं प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में निर्देश दिया गया कि दिनांक 07 नवंबर से 11 नवंबर 2026 तक अथवा प्रतिमा विसर्जन की प्रक्रिया पूर्ण होने तक सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। सभी संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों, पूजा पंडालों, बाजारों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। आवश्यकतानुसार सीसीटीवी कैमरे एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
पर्व के दौरान महिला सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देते हुए प्रमुख पूजा स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिला पुलिस बल, सादे लिबास में पुलिसकर्मी तथा गश्ती दल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
असामाजिक तत्वों, अफवाह फैलाने वालों एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सभी पूजा समितियों को निर्धारित शर्तों के अनुरूप अनुज्ञप्ति प्राप्त करने, पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखने, विद्युत वायरिंग की जांच कराने तथा सुरक्षित प्रवेश एवं निकास द्वार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। पंडालों में अग्निशमन यंत्र, पानी, बालू एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखने को कहा गया।
ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ध्वनि उत्पन्न करने वाले पटाखों एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर प्रतिबंध का अनुपालन कराने का निर्देश दिया गया।
पटाखों के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री में सुरक्षा मानकों तथा लाइसेंस संबंधी प्रावधानों का कड़ाई से पालन कराने को कहा गया।
यातायात व्यवस्था सुचारू रखने हेतु रूट लाइनिंग एवं वाहन पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया।
अग्निशमन विभाग को दमकल वाहनों को तैयार अवस्था में रखने तथा सभी पूजा पंडालों का अग्नि सुरक्षा ऑडिट सुनिश्चित करने को कहा गया।
स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सक, आवश्यक दवाइयां तथा एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन कराने, विसर्जन घाटों,छठ घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखने तथा प्रशिक्षित गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया।
आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई हेतु जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06456-225152 है। यह नियंत्रण कक्ष दिनांक 07.11.2026 से 11.11.2026 तक अथवा प्रतिमा विसर्जन की प्रक्रिया पूर्ण होने तक संचालित रहेगा।
अनुमंडल पदाधिकारी महोदय ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ पूरी सतर्कता बरतने तथा पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि दीपावली काली पूजा एवं छठ पर्व आपसी भाईचारे, सद्भाव एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा संदिग्ध गतिविधि अथवा विधि-व्यवस्था से संबंधित समस्या की सूचना तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को दें।
इस अवसर पर विधि व्यवस्था में प्रतिनियुक्त संबंधित दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे । #viralreels #viralreelschallenge #viralchallenge #videogames #newyork #vlog #viajes #vacaciones