
छठ पर प्रवासियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर डीएम ने रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड का किया निरीक्षण
शुद्ध पेयजल, साफ-सफाई, यातायात और रात्रि सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने का दिया निर्देश
बेगूसराय: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिले में प्रवासी लोगों के आगमन को देखते हुए जिला पदाधिकारी रिची पांडेय ने बुधवार को बेगूसराय रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों की बढ़ती भीड़ और उनकी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड पर यात्रियों के लिए शुद्ध पेयजल, नियमित साफ-सफाई तथा स्वच्छ एवं व्यवस्थित शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने, अनावश्यक जाम से बचने और वाहनों का परिचालन व्यवस्थित तरीके से कराने पर भी विशेष जोर दिया।
डीएम ने रात्रि के समय आने वाली ट्रेनों एवं बसों से उतरने वाले प्रवासी यात्रियों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि देर रात घर लौटने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा का सामना नहीं करना पड़े। इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्ती और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व पर बड़ी संख्या में प्रवासी लोग अपने घर लौटते हैं, जिससे रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता एवं सुगम यातायात को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निरीक्षण के दौरान दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करें, ताकि छठ पर्व के दौरान बाहर से आने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक मनीष, नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर, अनुमंडल पदाधिकारी बेगूसराय अश्विनी कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।