बेगूसराय में नकली उर्वरक के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, 700 बोरा खाद जब्त
साहेबपुर कमाल में कृषि विभाग की छापेमारी, जिंक के 500 बोरा और 300 खाली बोरे भी बरामद
बेगूसराय: जिले में अवैध एवं नकली उर्वरक के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार की सुबह साहेबपुर कमाल प्रखंड के हिराटोल एवं रघुनाथपुर करारी इलाके में छापेमारी कर लगभग 700 बोरा अवैध उर्वरक समेत बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की गई।
जिला जन-संपर्क कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बेगूसराय-खगड़िया सीमा के समीप एनएच-31 के आसपास अवैध रूप से डीएपी, पोटाश सहित अन्य उर्वरकों के निर्माण एवं भंडारण की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के लिए जिला कृषि पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक एवं किसान सलाहकार की टीम पुलिस बल और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी के साथ मौके पर पहुंची।
जांच के दौरान संबंधित परिसर में ताला बंद पाया गया, जिसे विधिसम्मत कार्रवाई के तहत खुलवाकर सघन जांच की गई। छापेमारी में करीब 700 बोरा अवैध उर्वरक, 5 किलोग्राम के 500 बोरा जिंक, 300 खाली बोरा तथा उर्वरक निर्माण एवं पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाले रंग समेत अन्य सामग्री बरामद की गई।
जब्त उर्वरकों के नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जाएंगे, ताकि उनकी गुणवत्ता एवं वास्तविक प्रकृति का पता लगाया जा सके। मामले में संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। अवैध उर्वरक निर्माण एवं भंडारण में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला कृषि पदाधिकारी ने छापेमारी में सक्रिय भूमिका निभाने वाले अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, बलिया बिपिन कुमार एवं साहेबपुर कमाल की पूरी कृषि टीम की सराहना की। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं मानक के अनुरूप उर्वरक उपलब्ध कराने तथा नकली खाद के कारोबार पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
#BreakingNews