
*पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर प्लांट लगाने के लिए आम नागरिक करें आवेदन*
भागलपुर। भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (MNRE) द्वारा संचालित पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को अपने घर की छत पर रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। योजना का उद्देश्य सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ घरेलू बिजली बिल में कमी लाना तथा स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देना है।
इस योजना के तहत इच्छुक उपभोक्ता PM Surya Ghar National Portal के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की प्रक्रिया में सबसे पहले पोर्टल पर नए उपयोगकर्ता के रूप में पंजीकरण कर उपभोक्ता संख्या एवं अन्य आवश्यक विवरण दर्ज करना होगा। आवेदन सफलतापूर्वक जमा होने के बाद आवेदक को Application ID प्राप्त होगी।
इसके बाद संबंधित DISCOM द्वारा आवेदन की तकनीकी जांच एवं स्वीकृति की जाएगी। स्वीकृति के पश्चात उपभोक्ता पोर्टल पर सूचीबद्ध/पंजीकृत वेंडर का चयन कर सोलर प्लांट की स्थापना करा सकेंगे। स्थापना से पूर्व छत की वर्तमान स्थिति की फोटो पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। चयनित वेंडर द्वारा स्वीकृत क्षमता के अनुसार रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित किया जाएगा।
स्थापना के बाद DISCOM द्वारा भौतिक निरीक्षण एवं सत्यापन किया जाएगा। तत्पश्चात नेट मीटर लगाया जाएगा तथा मीटरिंग एग्रीमेंट की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सिस्टम के चालू होने के बाद पोर्टल पर कमीशनिंग की स्थिति अपडेट की जाएगी। सभी आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के बाद MNRE द्वारा Central Financial Assistance (CFA)/सब्सिडी स्वीकृत की जाएगी, जिसके बाद निर्धारित सब्सिडी राशि सीधे लाभुक के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाएगी।
सब्सिडी का प्रावधान
सोलर प्लांट
की क्षमता केंद्रीय वित्तीय सहायता
1 किलोवाट। ₹30,000
2 किलोवाट ₹60,000
3 किलोवाट या
अधिक अधिकतम ₹78,000
जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे केवल MNRE से मान्यता प्राप्त/पोर्टल पर सूचीबद्ध वेंडर के माध्यम से ही रूफटॉप सोलर प्लांट की स्थापना कराएं तथा आवेदन एवं सब्सिडी की प्रक्रिया के संबंध में किसी अनधिकृत व्यक्ति या संस्था के झांसे में न आएं।
आवश्यक दस्तावेज
* आधार कार्ड
* उपभोक्ता संख्या/Consumer Account Number
* बैंक खाता विवरण
* मोबाइल नंबर
* पासपोर्ट साइज फोटो
* घर की छत की फोटो
योजना से संबंधित आवेदन एवं अधिक जानकारी के लिए PM Surya Ghar National Portal पर संपर्क किया जा सकता है।
ज़िला जनसंपर्क कार्यालय
भागलपुर