सेवा सेतु शिविर–सरकार आपके द्वार का उप विकास आयुक्त, भागलपुर द्वारा निरीक्षण*
भागलपुर, दिनांक 06 अक्टूबर 2026। बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में आम नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उनके द्वार तक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नाथनगर प्रखंड में दिनांक 06 से 08 अक्टूबर 2026 तक *“सेवा सेतु शिविर–सरकार आपके द्वार”* का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज दिनांक 06.10.2026 को उप विकास आयुक्त, भागलपुर श्री रवि राकेश द्वारा नाथनगर प्रखंड में आयोजित “सेवा सेतु शिविर–सरकार आपके द्वार” का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का जायजा लिया तथा शिविर में आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी ली। शिविर में आज कुल 31 आवेदन प्राप्त हुए।
शिविर में शिक्षा, स्वास्थ्य, बाल विकास परियोजना, पशु चिकित्सा, कृषि/आत्मा, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, स्वच्छता, आवास, सांख्यिकी, सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, आपूर्ति, श्रम प्रवर्तन, कल्याण, विद्युत, भवन निर्माण, ग्रामीण कार्य, आपदा प्रबंधन, पुलिस, जीविका एवं सहकारिता सहित विभिन्न विभागों द्वारा आम नागरिकों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पात्र लाभुकों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने तथा प्राप्त आवेदनों एवं लंबित मामलों का विभागवार संधारण करते हुए उनका ससमय निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में “सेवा सेतु शिविर–सरकार आपके द्वार” में पहुंचकर अपने आवेदन एवं शिकायतें संबंधित विभाग के स्टॉल पर दर्ज कराएं तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करें।
प्रखंड प्रशासन, नाथनगर द्वारा शिविर के सफल आयोजन एवं आम नागरिकों को अधिकाधिक लाभ पहुंचाने हेतु सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
जिला जनसंपर्क कार्यालय,
भागलपुर
#CMSamrat
#samratchoudhary
1 views | Bhagalpur, Bihar | Oct 6, 2026