
हरदोई में अवैध अस्पतालों की आड़ में मौत का कारोबार?
.
शहर से गांव तक मानक विहीन अस्पतालों का जाल, स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी पर सवाल!
.
बेसमेंट से लेकर दुकानों तक चल रहे कथित अवैध अस्पताल, कार्रवाई के बाद नाम बदलकर फिर शुरू हो जाता है खेल
.
#हरदोई। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ किए जाने के गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक कथित अवैध और मानकविहीन अस्पतालों का जाल फैलता जा रहा है। कहीं बेसमेंट में अस्पताल संचालित हो रहे हैं तो कहीं छोटी-छोटी दुकानों को ही अस्पताल का रूप देकर मरीजों का इलाज किया जा रहा है। सबसे गंभीर बात यह है कि इनमें से कई अस्पतालों में न तो योग्य चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित है और न ही प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ, इसके बावजूद यहां गंभीर बीमारियों का इलाज और बड़े ऑपरेशन तक किए जाने की शिकायतें सामने आती रहती हैं।
शहर के सीतापुर रोड, सांडी रोड, शाहजहांपुर रोड, लखनऊ रोड और बिलग्राम चुंगी के आसपास ऐसे कई अस्पतालों के संचालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि कई प्रतिष्ठानों में अस्पताल संचालन के लिए जरूरी मानकों, चिकित्सकीय सुविधाओं और मरीजों की सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों की अनदेखी की जा रही है। इसके बावजूद इनका संचालन लगातार जारी है।
बिना विशेषज्ञ डॉक्टर, फिर भी बड़े ऑपरेशन!
स्वास्थ्य व्यवस्था की सबसे चिंताजनक तस्वीर उन अस्पतालों को लेकर सामने आती है, जहां योग्य चिकित्सकों और प्रशिक्षित कर्मचारियों की उपलब्धता पर ही सवाल हैं। आरोप है कि पर्याप्त चिकित्सा सुविधाओं के अभाव में भी मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जाता है और गंभीर मामलों में ऑपरेशन तक कर दिए जाते हैं। ऐसे में किसी आपात स्थिति में मरीजों की जान बचाने के लिए आवश्यक संसाधन और विशेषज्ञ चिकित्सा उपलब्ध हैं या नहीं, यह बड़ा सवाल है।
कार्रवाई का डर नहीं, नाम बदलकर फिर शुरू हो जाता है संचालन!
स्थानीय स्तर पर यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि किसी अस्पताल के खिलाफ शिकायत या कार्रवाई होने पर कुछ समय के लिए गतिविधियां बंद कर दी जाती हैं, लेकिन बाद में नाम और पहचान बदलकर दोबारा संचालन शुरू कर दिया जाता है। यदि ऐसा हो रहा है तो यह केवल नियमों की अनदेखी नहीं, बल्कि निगरानी और प्रवर्तन व्यवस्था की गंभीर चुनौती है।
हैरानी की बात यह है कि कथित अनियमितताओं को लेकर मरीजों और उनके परिजनों के हंगामे तथा शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई होती दिखाई नहीं देती। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और अस्पतालों को मिलने वाले पंजीकरण एवं संचालन की अनुमति की प्रक्रिया पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।
मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ पर कब टूटेगी स्वास्थ्य विभाग की नींद ?
#हरदोई में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर यदि कहीं भी नियमों को ताक पर रखकर अस्पताल संचालित किए जा रहे हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई जरूरी है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को केवल कागजी निरीक्षण तक सीमित रहने के बजाय अस्पतालों का स्थलीय सत्यापन कराना चाहिए। साथ ही बिना पंजीकरण, आवश्यक सुविधाओं और योग्य चिकित्सकीय व्यवस्था के संचालित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। क्योंकि अस्पताल मरीज को जिंदगी की उम्मीद लेकर पहुंचने की जगह है, उसकी जिंदगी को खतरे में डालने का अड्डा नहीं।
#TheTelecast | H. Shyam Bajpai
Hardoi, Hardoi | Nov 15, 2026