
कबड्डी के रोमांच से गूंजेगा बस्ती, जीडी मिश्रा एवं संजय मिश्रा करेंगे उद्घाटन, विजेताओं को सम्मानित करेंगे मनीष मिश्रा
50वीं जोन-सी राज्य जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता में जुटेंगी 16 टीमें, जीडी मिश्रा एवं संजय मिश्रा करेंगे उद्घाटन
बस्ती। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से बस्ती में रविवार को दो दिवसीय डे-नाइट कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया जाएगा। पहल संस्था के संस्थापक एवं समाजसेवी मनीष मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता को लेकर खेल प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है। कार्यक्रम का संयोजन समाजसेवी जीडी मिश्रा एवं संजय मिश्रा द्वारा किया जा रहा है।
बस्ती फेडरेशन, जनपद बस्ती के आयोजन में 50वीं जोन-सी राज्य जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन प्रस्तावित है। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से कुल 16 टीमें प्रतिभाग करेंगी। इनमें गोरखपुर, महाराजगंज, देवरिया, कुशीनगर, बलिया, मऊ, आजमगढ़, अयोध्या, बस्ती, अंबेडकर नगर, गोंडा, लखनऊ, सीतापुर, बाराबंकी, अमेठी हॉस्टल और सिद्धार्थनगर की टीमें शामिल हैं
प्रतियोगिता का उद्घाटन रविवार को समाजसेवी जीडी मिश्रा एवं संजय मिश्रा द्वारा किया जाएगा। दो दिवसीय डे-नाइट आयोजन में खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों तथा प्रतियोगिता से जुड़े अन्य सदस्यों के भोजन, पुरस्कार, खेल मैदान और उद्घाटन एवं समापन समारोह आदि की व्यवस्थाएं की जानी हैं।
आयोजकों का उद्देश्य प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, टीमवर्क और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना है। कबड्डी जैसे पारंपरिक एवं लोकप्रिय खेल को प्रोत्साहन मिलने से बस्ती तथा आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर मंच प्राप्त होगा।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को पहल संस्था के संस्थापक एवं समाजसेवी मनीष मिश्रा द्वारा सम्मानित किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा।
मनीष मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस खेल आयोजन को लेकर खेल प्रेमियों में विशेष उत्सुकता है। आयोजकों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए सहयोग एवं मार्गदर्शन की अपील की है, ताकि राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य एवं व्यवस्थित आयोजन संपन्न हो सके।
Basti, Basti | Sep 12, 2026