
16 साल से चारागाह की जमीन पर दबंगों का कब्जा, शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
अधिकारियों की अनदेखी से ग्रामीण परेशान, पशुचर भूमि पर आज भी खड़ी है धान की फसल
#हरदोई। ब्लॉक क्षेत्र अहिरोरी की ग्राम सभा उमरा ब्यौरापुर में पशुचर (चारागाह) की सरकारी जमीन पर कथित रूप से दबंगों का कब्जा पिछले 16 वर्षों से बरकरार है। ग्रामीणों ने कई बार राजस्व अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन आज तक न तो अवैध कब्जा हटवाया गया और न ही आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई की गई। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।किसान मजदूर संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष शिव प्रताप सिंह और ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव की पशुचर भूमि गाटा संख्या 410, 1052, 1034, 1078, 1076 और 1077 पर कुछ लोगों द्वारा करीब 16 वर्षों से कब्जा किया गया है। आरोप है कि तोताराम पुत्र छोटे, जेजे पुत्र बल्दी, धर्मेंद्र, खिलावन पुत्र लक्ष्मण, गजोधर पुत्र कुंवर, कमल किशोर पुत्र शंभू और गोपी जत्ता पुत्र राना सहित अन्य लोगों ने जमीन पर कब्जा कर रखा है।शिव प्रताप सिंह का कहना है कि इस संबंध में कई बार कानूनगो और लेखपाल से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने राजस्व विभाग के कुछ कर्मचारियों पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब वे कब्जे के खिलाफ आवाज उठाते हैं तो कथित तौर पर आरोपियों से मिलीभगत कर मामले को दबा दिया जाता है।ग्रामीणों के मुताबिक, पशुचर भूमि पर इस समय भी धान की फसल खड़ी है। आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा फसल काटकर ले भी जाई जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद कब्जाधारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई और न ही सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया गया।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, संबंधित गाटा संख्याओं की पैमाइश कराई जाए और पशुचर की जमीन को तत्काल अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए। साथ ही यदि जांच में राजस्व कर्मचारियों की लापरवाही या मिलीभगत सामने आती है तो उनके खिलाफ भी उचित कार्रवाई की जाए।अब देखना यह है कि 16 वर्षों से कब्जे की शिकायत झेल रही चारागाह की जमीन को प्रशासन कब मुक्त कराता है।
#TheTelecast
Hardoi, Hardoi | Nov 14, 2026