
सिद्धार्थ हॉस्पिटल कांड: स्वास्थ्य विभाग का कारनामा! गर्भवती की मौत के बाद आठ मरीज बेसहारा... न अस्पताल सीज हुआ न मरीज शिफ्ट हुए!
#हरदोई। शहर के सर्कुलर रोड स्थित सिद्धार्थ हॉस्पिटल में आठ माह की गर्भवती हिमांशी की मौत के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि गर्भवती की मौत के बाद अस्पताल संचालक रजनीश यादव समेत पूरा स्टाफ अस्पताल छोड़कर फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि अस्पताल में ऑपरेशन के बाद भर्ती आठ मरीज भी कथित तौर पर बिना डॉक्टर और कर्मचारियों के छोड़ दिए गए।
मामले की जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से डिप्टी सीएमओ डॉ. अखिलेश बाजपेई ने मौके पर पहुंचकर मरीजों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट कराने और सिद्धार्थ हॉस्पिटल को सील करने की कार्रवाई का दावा किया था। आरोप है कि विभागीय दावों के बावजूद न तो मरीजों को शिफ्ट कराया गया और न ही अस्पताल को सील किया गया। इस पूरे घटनाक्रम ने स्वास्थ्य विभाग की निगरानी और कार्रवाई की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
सवाल यह है कि यदि अस्पताल में आठ मरीज भर्ती थे तो उनकी चिकित्सा और सुरक्षा की जिम्मेदारी किसने संभाली? अस्पताल संचालक और स्टाफ के फरार होने की स्थिति में मरीजों की देखभाल सुनिश्चित करने के लिए तत्काल क्या कदम उठाए गए? वहीं मृतका के परिजन मामले में मुकदमा दर्ज कर जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। गर्भवती की मौत के बाद अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों को लेकर सामने आए आरोपों ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
हरदोई में अवैध अस्पतालों की #भरमार!
शहर से लेकर गांव तक अवैध एवं मानक विहीन अस्पतालों का संचालन स्वास्थ्य विभाग की मिलीभगत से किया जा रहा है। अधिकारियों की नाक के नीचे कई अस्पताल तो बेसमेंट में संचलित हो रहे हैं। वहीं भारी तादात में ऐसे भी हॉस्पिटल हैं जो दुकानों में चल रहे हैं। जहाँ मानकों की खुलेआम अनदेखी की जाती है। शहर में हर 10 कदम पर खुले अस्पतालो की वैधानिकता पर सवाल उठ रहे हैं।
#TheTelecast | H. Shyam Bajpai
Hardoi, Hardoi | Nov 14, 2026