
अब छपरा में भी होगा मखाना की खेती, खेती के लिए चिन्हित किया गया चवर
सारण, दिनांक 02 अगस्त 2026।
जिला पदाधिकारी सारण श्री वैभव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार
जिला उद्यान कार्यालय, सारण के प्रयास से आज जलालपुर प्रखंड के मंगोलापुर गांव के अंतर्गत चयनित कृषक को मखाना उत्पादन हेतु प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर संबंधित कृषक के लगभग 25 एकड़ के मखाना फील्ड का स्थल निरीक्षण एवं भ्रमण किया गया तथा वैज्ञानिक एवं तकनीकी विधि से मखाना उत्पादन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। उल्लेखनीय है कि जिला उद्यान पदाधिकारी सारण के द्वारा विगत वर्षों से सारण की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए मखाना उत्पादन के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा था जो अब धरातल पर उतरता हुआ प्रतीत हो रहा है।
निरीक्षण के दौरान मखाना की फसल की वर्तमान स्थिति का अवलोकन करते हुए बेहतर उत्पादन, समुचित पोषण प्रबंधन, जल प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण सहित अन्य तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही कृषक को विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठाते हुए मखाना उत्पादन का क्षेत्रफल बढ़ाने तथा आधुनिक तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला उद्यान पदाधिकारी श्री सुधीर कुमार तिवारी ने बताया कि मखाना एक उच्च मूल्य की नगदी फसल है, जिसके उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए विभाग द्वारा किसानों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन एवं योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने किसानों से विभागीय योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाकर अपनी आय में वृद्धि करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला उद्यान पदाधिकारी, जलालपुर प्रखंड के प्रखंड उद्यान पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी तथा संबंधित विभागीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे
Chapra, Saran | Aug 3, 2026