
बेगूसराय में स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड के 2888 बकाएदार चिन्हित, 1803 पर नीलाम पत्र वाद दर्ज
शिक्षा ऋण के बकाएदारों से अब तक 2.65 करोड़ रुपये की वसूली, डीएम ने तेज कार्रवाई का दिया निर्देश
बेगूसराय: कारगिल विजय सभा भवन में जिला पदाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में बिहार विकास मिशन के तहत सात निश्चय एवं सात निश्चय-2 की योजनाओं की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा, युवा रोजगार, हर घर नल का जल, सोलर स्ट्रीट लाइट, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन तथा सिंचाई योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत ऋण अदायगी नहीं करने वाले बकाएदारों पर कार्रवाई की विशेष समीक्षा की गई। रिपोर्ट के अनुसार कुल 2,888 बकाएदारों को चिन्हित किया गया है, जिनमें से 1,803 के विरुद्ध नीलाम पत्र वाद दर्ज कराया जा चुका है। इनमें 1,377 मामलों में केस नंबर भी प्राप्त हो चुका है। बकाएदारों से ऋण वसूली के लिए 36 करोड़ 88 हजार 816 रुपये का दावा दायर किया गया है, जबकि अब तक 2 करोड़ 65 लाख 89 हजार 706 रुपये की वसूली की गई है।
जिला पदाधिकारी ने बकाया शिक्षा ऋण की अधिकतम वसूली सुनिश्चित करने के लिए नीलाम पत्र पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वहीं बिहार राज्य शिक्षा वित्त निगम के एप्लिकेशन में तकनीकी समस्या के कारण एलएमएस मॉड्यूल नहीं खुलने पर राज्य स्तर पर पत्राचार कर जल्द समाधान कराने का निर्देश दिया।
स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना में 25,531 आवेदन
बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत अक्टूबर 2026 तक जिले में कुल 25,531 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 18,862 आवेदन स्वीकृत कर बिहार राज्य शिक्षा वित्त निगम को भेजे गए। कुल 15,802 आवेदकों के साथ एकरारनामा किया गया तथा 15,492 लाभुकों को शिक्षा ऋण वितरित किया जा चुका है।
स्वयं सहायता भत्ता एवं कुशल युवा कार्यक्रम की समीक्षा
मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना के तहत प्राप्त 21,491 आवेदनों में से 21,485 का निष्पादन किया गया है। इनमें 18,394 आवेदन स्वीकृत हुए तथा 16,440 लाभुकों को भत्ता भुगतान किया जा चुका है।
वहीं कुशल युवा कार्यक्रम के तहत जिले ने 90.8 अंक हासिल किए हैं। योजना के अंतर्गत अब तक 1,07,755 युवाओं को कंप्यूटर एवं संवाद कौशल का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
बैठक में उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर सहित सात निश्चय कार्यक्रम से संबंधित सभी पदाधिकारी उपस्थित थे।
#BreakingNews