
नागरिक का विजन: 'अगर मैं सभापति होता तो बदल जाती डीडवाना की तस्वीर' — वार्ड 10 के वोटर आमिर खान ने पेश किया विकास का मॉडल
डीडवाना। नगर निकाय चुनाव की घोषणा और नामांकन की तारीखों के आते ही चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव के इस माहौल में शहर के वार्ड नंबर 10 के मतदाता आमिर खान ने एक जिम्मेदार नागरिक की सोच और दूरदर्शिता का परिचय देते हुए शहर के कायाकल्प की अपनी रूपरेखा साझा की है। उन्होंने बताया कि यदि उन्हें सभापति बनने का अवसर मिलता, तो उनकी प्राथमिकताएं क्या होतीं।
*प्रवेश द्वारों का सौंदर्यीकरण और गोवंश का समाधान*
आमिर खान के अनुसार, शहर की सुंदरता सबसे पहला प्रभाव डालती है। शहर में प्रवेश करने वाले किसी भी व्यक्ति को गंदगी का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी प्रवेश द्वारों को स्वच्छ और सुंदर बनाया जाएगा। सड़कों पर विचरण कर रहे गोवंश को गौशालाओं में भिजवाने का प्रबंध किया जाएगा। यदि इसके बाद भी पशु सड़कों पर घूमते पाए जाते हैं, तो संबंधित गौशाला प्रबंधन के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई का प्रावधान किया जाएगा।
*रीसाइक्लिंग तकनीक और 50 सदस्यों की विशेष सफाई टीम*
सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए उन्होंने 50 सदस्यों की एक विशेष टीम बनाने की बात कही, जिसे तीन भागों में विभाजित किया जाएगा। शहर में 3 रीसाइक्लिंग मशीनें लगाई जाएंगी ताकि कचरे, पॉलिथीन और गोबर का स्थानीय स्तर पर ही निस्तारण और रीसाइक्लिंग हो सके। सड़कों पर गंदगी या पॉलिथीन फैलाने वालों के खिलाफ कड़े नियम और कानूनी कार्रवाई लागू की जाएगी।
*सीवरेज समस्या पर कड़ा रुख और ठेकेदारों की मॉनिटरिंग*
शहर की प्रमुख समस्या सीवरेज को लेकर भी उन्होंने स्पष्ट प्लान रखा। सीवरेज चेंबर में कचरा डालकर उसे ब्लॉक करने वालों पर कड़ा जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अलावा, सफाई का टेंडर लेने वाली एजेंसियों पर कड़ी मॉनिटरिंग रखी जाएगी। कार्य में लापरवाही बरतने पर पेनल्टी लगाकर टेंडर निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
*डोर-टू-डोर दस्तावेज सुविधा और नागरिक सेवाएं*
सरकारी योजनाओं का लाभ हर नागरिक तक पहुंचाने के लिए नगर परिषद में एक विशेष कक्ष बनाने और हर वार्ड में शिविर लगाकर नागरिकों के आवश्यक दस्तावेज (कार्ड, प्रमाण पत्र आदि) मौके पर ही तैयार करवाने का आश्वासन दिया गया। इसके साथ ही, मुख्य सड़कों पर स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने और खराब लाइटों के स्टॉक का पारदर्शी हिसाब-किताब रखने का खाका भी उन्होंने प्रस्तुत किया।
Didwana, Nagaur | Aug 21, 2026