अन्नपूर्णा रसोई में घोर लापरवाही: बदहाली और गंदगी के बीच परोसा जा रहा खाना, मक्खियों और चूहों का जमावड़ा
डीडवाना स्वायत्त शासन विभाग और प्रशासन के दावों के विपरीत, राज्य सरकार द्वारा संचालित अन्नपूर्णा रसोई में भारी अनियमितताओं और घोर गंदगी का मामला सामने आया है। स्थानीय रसोई केंद्र पर आम जनता और जरूरतमंदों को परोसे जाने वाले भोजन की स्वच्छता और गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।रसोई परिसर में चारों तरफ अव्यवस्था फैली हुई है। जिस टिफिन और हॉटपॉट में रोटियां रखी जाती हैं, वे बेहद गंदगी से भरे पड़े हैं। बर्तनों के आसपास हर वक्त मक्खियां भिनभिनाती रहती हैं। यही हाल चावल रखने वाले टिफिन का भी है। इसके अलावा, परिसर में जगह-जगह चूहों की गंदगी भी फैली पाई गई है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
यहाँ नियमित रूप से भोजन करने आने वाले लोगों ने बताया कि खाने का स्तर बेहद घटिया है।दाल और सब्जी दोनों में केवल पानी ही पानी नजर आता है, पौष्टिकता पूरी तरह नदारद है।रोटियां भी ठीक से पकी हुई नहीं होतीं और बेहद खराब स्थिति में परोसी जाती हैं।लाभार्थियों का कहना है कि मजबूरी में उन्हें यह अस्वच्छ और गुणवत्ताहीन भोजन खाना पड़ रहा है। शासन-प्रशासन द्वारा तय किए गए स्वच्छता मानकों का जरा भी ध्यान नहीं रखा जा रहा। स्थानीय नागरिकों और लाभार्थियों ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा लापरवाही बरतने वाले संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
Didwana, Nagaur | Aug 21, 2026