
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस को लेकर तीन प्रखंडों में शिक्षकों को मिला प्रशिक्षण
जहानाबाद : 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस-2026 को लेकर शुक्रवार को जहानाबाद सदर, हुलासगंज एवं काको प्रखंड में प्रखंड स्तरीय दिशा-निर्देशन-सह-प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। बिहार शिक्षा परियोजना, जहानाबाद के तत्वावधान में जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश पर आयोजित कार्यशाला में विज्ञान शिक्षकों को परियोजना निर्माण और विद्यार्थियों के ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। जिले में अधिक से अधिक गुणवत्तापूर्ण परियोजनाओं का पंजीयन कराने पर जोर दिया गया।
जहानाबाद सदर में डॉ. प्रवीण दीपक, ललित शंकर पाठक एवं पंकज कुमार, हुलासगंज में श्रीकांत शर्मा, पवन कुमार एवं सत्यप्रकाश कुमार तथा काको में सुप्रिया शर्मा, अंजनी कुमार उपाध्याय एवं वैकेश्वर कुमार ने संसाधन सेवी के रूप में शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण के दौरान स्थानीय समस्याओं की पहचान कर परियोजना विषय का चयन, वैज्ञानिक पद्धति, प्रयोग एवं अवलोकन, आंकड़ों का संकलन व विश्लेषण तथा निष्कर्ष तैयार करने की प्रक्रिया समझाई गई। बताया गया कि बाल विज्ञान कांग्रेस की परियोजनाएं केवल मॉडल निर्माण तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि स्थानीय समस्याओं पर आधारित होनी चाहिए। इनमें विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच और प्रयोगात्मक कार्य स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए।
ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया पर भी विशेष चर्चा की गई। शिक्षकों को आवश्यक विवरण एवं दस्तावेजों की जानकारी देने के साथ फोटो और जन्मतिथि संबंधी प्रमाण-पत्र अपलोड करने की प्रक्रिया समझाई गई। पंजीयन के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए भी आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
संसाधन सेवियों ने शिक्षकों से अधिक से अधिक योग्य विद्यार्थियों को राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस से जोड़ने और गुणवत्तापूर्ण परियोजनाओं का समय पर पंजीयन सुनिश्चित करने की अपील की। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों के विभिन्न प्रश्नों का समाधान करते हुए उन्हें परियोजना निर्माण एवं ऑनलाइन पंजीयन की व्यावहारिक जानकारी दी गई।