
न्यायालय के आदेश पर प्रशासन ने खाली कराया भवन, स्वामी को सौंपा कब्जा
मचमकनी गाड़ीपुरा में पुलिस की मौजूदगी में हुई कार्रवाई, विवाद की आशंका पर पुलिस ने संभाली स्थिति
**शाहजहांपुर। सदर तहसील क्षेत्र के मोहल्ला चमकनी गाड़ीपुरा में किरायेदारी को लेकर चल रहे विवाद में गुरुवार को प्रशासन ने न्यायालय के आदेश का अनुपालन कराया। तहसील प्रशासन की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और भवन को किरायेदार से खाली कराकर उसका कब्जा स्वामी खुशीराम को सौंप दिया। तहसीलदार सदर के नेतृत्व में लेखपाल समेत राजस्व विभाग के कर्मचारी और थाना आरसी मिशन की पुलिस मौके पर पहुंची। प्रशासनिक टीम ने न्यायालय के आदेश के अनुसार भवन खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की। कार्रवाई पूरी होने के बाद भवन का कब्जा स्वामी खुशीराम को दे दिया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ समय के लिए विवाद की स्थिति बनने लगी। इस पर पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई गई। बताया गया कि भवन को लेकर लंबे समय से किरायेदारी विवाद चल रहा था। न्यायालय के आदेश के बाद तहसील प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए किरायेदार से भवन खाली कराया और स्वामी को कब्जा दिलाया। कब्जा मिलने के बाद भवन स्वामी खुशीराम ने राहत की सांस ली।
Hardoi, Hardoi | Sep 4, 2026