
#SewaSankalpAbhiyan के तहत जिला जेल में निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर आयोजित
आयुर्वेद चिकित्सा के साथ स्वस्थ जीवनशैली के प्रति किया जागरूक
सेवा संकल्प अभियान एवं आयुर्वेद दिवस 2026 के अंतर्गत शासकीय गांधी आयुर्वेद चिकित्सालय, मुरैना द्वारा जिला जेल मुरैना में निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ आमजन को स्वस्थ जीवनशैली एवं निरोगी जीवन के प्रति जागरूक करना रहा।
आयुक्त, आयुष भोपाल तथा कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशानुसार एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. सौरभ पुरवार के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में जिला जेल के बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में आयुर्वेद चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श प्रदान करने के साथ रोगानुसार निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया।
शिविर के दौरान डॉ. मोहम्मद राशिद एवं डॉ. मुकेश प्रजापति द्वारा बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। योग प्रशिक्षक योगेन्द्र सिंह ने स्वस्थ जीवनशैली में योग एवं नियमित दिनचर्या के महत्व की जानकारी दी। दवासाज़ श्री राकेश कुमार द्वारा आवश्यक औषधियों का वितरण किया गया। शिविर में 85 बंदियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यकतानुसार औषधियां प्रदान की गईं।
कार्यक्रम के दौरान आयुर्वेद की उपयोगिता एवं दैनिक जीवन में इसकी भूमिका के संबंध में जनजागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या, योग एवं आयुर्वेद आधारित जीवनशैली को अपनाकर स्वस्थ जीवन की दिशा में सकारात्मक कदम बढ़ाया जा सकता है।
आयुर्वेद दिवस 2026 की थीम “आयुर्वेद फॉर हेल्दियर टुमॉरो” अर्थात “स्वस्थ कल के लिए आयुर्वेद” तथा “वन हेल्थ, वन फ्यूचर” की अवधारणा पर आधारित कार्यक्रम में स्वस्थ समाज के निर्माण में आयुर्वेद की भूमिका को रेखांकित किया गया।
यह आयोजन सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य सेवाओं को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने और जनसामान्य में स्वास्थ्य एवं आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh #ayurveda Jansampark Madhya Pradesh