
बिना हेलमेट और मोडिफाइड साइलेंसर पर पुलिस की सख्ती
यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ चला विशेष चेकिंग अभियान, वाहन चालकों को किया जागरूक
संतकबीरनगर, 6 सितंबर। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर श्री संदीप कुमार मीना के निर्देशन में जनपद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस एवं समस्त थाना पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान प्रमुख चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सघन चेकिंग की गई। पुलिस टीमों ने दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की जांच करते हुए बिना हेलमेट वाहन चलाने, मोटरसाइकिल में मोडिफाइड अथवा तेज आवाज वाले साइलेंसर लगाने, तीन सवारी बैठाने सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की।बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए चालान की कार्रवाई की गई। वहीं मोटरसाइकिलों में मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज एवं कर्कश ध्वनि करने वाले वाहनों के विरुद्ध भी प्रभावी कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को निर्धारित मानकों के अनुरूप वाहन चलाने तथा अनधिकृत बदलाव से बचने की हिदायत दी।पुलिस ने वाहन चालकों को समझाया कि हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में जीवन की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। साथ ही सभी से यातायात नियमों का पालन करने और वाहनों में अनधिकृत परिवर्तन नहीं करने की अपील की गई।पुलिस अधीक्षक ने समस्त थाना प्रभारियों एवं यातायात पुलिस को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार प्रभावी चेकिंग एवं प्रवर्तन की कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के साथ आमजन को सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना है।
पुलिस की अपील
“सुरक्षित चलें, नियमों का पालन करें। हेलमेट पहनें, जीवन बचाएं।”