
पांच लाख की सुपारी लेकर बैंककर्मी पर चलाई थी गोली, रकम लेने लौटे शूटर की पुलिस से मुठभेड़
पटेलनगर में चेकिंग के दौरान पुलिस ने रोका तो बाइक सवार बदमाशों ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में अंकित चौहान के पैर में लगी गोली, साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
देहरादून। बड़ोवाला क्षेत्र में एक बैंककर्मी को जान से मारने की नीयत से गोली मारने के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी शुक्रवार को बची हुई सुपारी की रकम लेने अपने साथी के साथ देहरादून पहुंचा था। पटेलनगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने दोनों को रोकने का प्रयास किया तो आरोपी बाइक लेकर भागने लगे। पीछा करने पर दोनों ने मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल की ओर भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
घायल बदमाश की पहचान अंकित चौहान (25) पुत्र ध्रुव नारायण, निवासी सोसायटी रोड लक्सर, केशव नगर, हरिद्वार के रूप में हुई है। फरार आरोपी की पहचान अंकुर पुत्र ब्रह्मपाल, निवासी लोको मोहल्ला पीर वाली गली, लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। फरार आरोपी की तलाश में जंगल और आसपास के इलाकों में सघन कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, आठ सितंबर की शाम बड़ोवाला क्षेत्र में एक बैंककर्मी सत्यम कुमार पर जानलेवा हमला हुआ था। सत्यम अपनी रिश्तेदार साक्षी चौहान के साथ स्कूटी से घर जा रहा था। जियो पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे बड़ोवाला की तरफ बाइक सवार दो युवकों ने स्कूटी के आगे बाइक रोक दी। इसके बाद सत्यम को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी गई। गोली लगने से सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। घटना के संबंध में साक्षी चौहान की तहरीर पर पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पटेलनगर कोतवाली में अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थल के साथ ही आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य माध्यमों से आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई गई पुलिस के लगातार प्रयासों के बीच शुक्रवार को टीम को सूचना मिली कि बड़ोवाला में फायरिंग की घटना को अंजाम देने वाले दोनों आरोपी किसी अन्य वारदात को अंजाम देने के लिए देहरादून आए हैं। सूचना मिलते ही पटेलनगर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया।
बिना नंबर की बाइक देखकर पुलिस ने रोका, बदमाश भागे
चेकिंग के दौरान गोरखपुर चौक पर पुलिस टीम ने बिना नंबर की संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को चेकिंग करता देख बाइक सवारों ने रुकने के बजाय मोटरसाइकिल की रफ्तार बढ़ा दी और प्रेमनगर की ओर जाने वाली सड़क पर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू कर दिया। साथ ही कंट्रोल रूम के माध्यम से जिले के अन्य थानों को भी संदिग्ध बाइक सवारों के बारे में सूचना दी गई। पीछा करते हुए पुलिस टीम चाय बागान क्षेत्र की पगडंडी तक पहुंची। यहां दोनों बदमाश मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में एक के पैर में लगी गोली
पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने जंगल की ओर भागते समय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों ने अपने बचाव में जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकला। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल बदमाश को हिरासत में लिया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। मौके की तलाशी के दौरान पुलिस को एक देसी तमंचा .315 बोर, एक जिंदा और दो खोखा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पांच लाख रुपये में हत्या की सुपारी लेने का दावा
पुलिस पूछताछ में घायल आरोपी अंकित चौहान ने कथित तौर पर बताया कि वह पहले भी आपराधिक घटनाओं में जेल जा चुका है। कुछ समय पहले उसकी मुलाकात रानीपुर, हरिद्वार निवासी मोहित से हुई थी। मोहित को उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी थी। पुलिस के अनुसार, मोहित ने अंकित की मुलाकात अपनी दोस्त मालिया रहमान से कराई। मालिया एक निजी बैंक में नौकरी करती थी। पूछताछ में सामने आया कि वर्ष 2020 में उज्जीवन बैंक हरिद्वार में काम करने के दौरान उसकी मुलाकात बिजनौर निवासी सत्यम कुमार से हुई थी। आरोप है कि सत्यम करीब चार-पांच साल तक उसे शादी का झांसा देता रहा, लेकिन बाद में उसने किसी अन्य युवती से सगाई कर ली।पुलिस के मुताबिक, इसके बाद मोहित और मालिया ने अंकित के सामने सत्यम को रास्ते से हटाने का प्रस्ताव रखा। इसके एवज में पांच लाख रुपये देने की बात तय हुई। आरोपी को वारदात से पहले एक लाख 20 हजार रुपये एडवांस दिए गए थे। बाकी रकम सत्यम को रास्ते से हटाने के बाद देने की बात कही गई थी।
फोटो और बैंक का पता देकर बनाया था निशाना
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि मालिया ने उसे सत्यम की फोटो उपलब्ध कराई थी। साथ ही देहरादून स्थित उज्जीवन बैंक का कार्यालय भी दिखाया था, ताकि वह सत्यम की पहचान कर सके और उसके आने-जाने के बारे में जानकारी जुटा सके। आठ सितंबर को अंकित अपने साथी अंकुर के साथ देहरादून पहुंचा। दोनों शाम के समय उज्जीवन बैंक के बाहर खड़े होकर सत्यम के बाहर निकलने का इंतजार करते रहे। शाम करीब 7:45 बजे सत्यम बैंक से निकला तो दोनों ने मोटरसाइकिल से उसका पीछा शुरू कर दिया।
बड़ोवाला में सुनसान जगह रोककर किया था फायर
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने शिमला बायपास रोड पर बड़ोवाला के पास एक सुनसान स्थान पर सत्यम की स्कूटी के आगे अपनी मोटरसाइकिल लगा दी। इसके बाद अंकित ने सत्यम को जान से मारने की नीयत से उस पर फायर कर दिया। गोली लगने से सत्यम घायल हो गया और जान बचाने के लिए पास की झाड़ियों की ओर भाग गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे। लोगों की भीड़ बढ़ती देखकर दोनों आरोपी पकड़े जाने के डर से वहां से फरार हो गए। वारदात के बाद पुलिस से बचने के लिए दोनों पहले दिल्ली और फिर हरियाणा चले गए।
बची रकम लेने लौटे थे देहरादून
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद सुपारी की पूरी रकम आरोपियों को नहीं मिली थी। शुक्रवार को मोहित के कहने पर अंकित और अंकुर बची हुई रकम लेने के लिए दोबारा देहरादून आए थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें संदिग्ध हालत में बाइक से जाते हुए देख लिया और चेकिंग के दौरान रोकने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद मुठभेड़ हुई। जवाबी फायरिंग में अंकित के पैर में गोली लगी और अंकुर मौके से फरार हो गया।
फरार आरोपी की तलाश में कॉम्बिंग अभियान जारी
पुलिस ने फरार आरोपी अंकुर की तलाश में आसपास के जंगल और संभावित ठिकानों पर सर्च अभियान तेज कर दिया है। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में दबिश दे रही हैं। साथ ही मामले में सुपारी देने वाले मोहित और मालिया रहमान की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी तमंचा .315 बोर
एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद हुई
मुठभेड़ में घायल आरोपी
अंकित चौहान (25) पुत्र ध्रुव नारायण, निवासी सोसायटी रोड लक्सर, केशव नगर, हरिद्वार एवं
वांछित आरोपी अंकुर पुत्र ब्रह्मपाल, निवासी लोको मोहल्ला पीर वाली गली, लक्सर, हरिद्वार।
#DoonPolice #DehradunPolice #PoliceEncounter #EncounterNews #DehradunNews #UttarakhandPolice #CrimeNews #BreakingNews #Patelnagar #Badowala #ShimlaBypass
#DoonPolice #Encounter #policeencounter #dehradundairies #UttarakhandPolice
#DehradunNews #DoonPolice #PoliceEncounter #SupariKand #Patelnagar #CrimeNews #UttarakhandNews #BreakingNews #ShootingCase #ViralReel #उत्तराखंड #देहरादून #एनकाउंटर #उत्तराखण्ड_लाइव_24