
इस बार भव्य और आकर्षक होगा रावण दहन, 70 फीट के रावण का होगा दहन
छपरा। विजयादशमी समारोह समिति, छपरा की ओर से इस वर्ष विजयादशमी के अवसर पर राजेंद्र स्टेडियम में भव्य रावण दहन समारोह का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को आकर्षक, आधुनिक एवं यादगार बनाने के लिए समिति द्वारा विशेष तैयारियां की गई हैं। इस बार लगभग 70 फीट ऊंचे रावण और 65 फीट के मेघनाथ का दहन किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भव्य रावण दहन के साथ पर्यावरण के अनुकूल आतिशबाजी होगी।
समिति के अध्यक्ष सलीम परवेज ने बताया कि विजयादशमी बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक पर्व है। हम सभी इस पर्व को आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव के साथ मनाते हैं। रावण दहन के माध्यम से समाज को सत्य, धर्म और अच्छाई के मार्ग पर चलने का संदेश दिया जाता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष समारोह को खास बनाने के लिए समिति के कार्यकारी अध्यक्ष वरुण प्रकाश ने विशेष पहल करते हुए आयोजन को आधुनिक, आकर्षक और भव्य स्वरूप प्रदान किया है।
वहीं, समिति के कार्यकारी अध्यक्ष वरुण प्रकाश ने बताया कि इस बार लगभग 70 फीट ऊंचे रावण का निर्माण कराया गया है। समारोह को और आकर्षक बनाने के लिए विशेष ई-फायर पटाखों की व्यवस्था की गई है। पर्यावरण संरक्षण एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आतिशबाजी में कोल्ड फायर पटाखों का इस्तेमाल किया जाएगा। समिति का प्रयास है कि दर्शकों को भव्य आयोजन का आनंद मिले और सुरक्षा के मानकों का भी पूरी तरह पालन हो।
समिति के प्रधान संरक्षक डॉ. एस. के. पाण्डेय ने बताया कि विजयादशमी के दिन भगवान श्रीराम की शोभायात्रा कटहरी बाग स्थित हनुमान मंदिर से निकाली जाएगी। शोभायात्रा खनुआ नाला रोड, साहेबगंज, सोनारपट्टी एवं थाना चौक होते हुए राजेंद्र स्टेडियम पहुंचेगी। शोभायात्रा के संध्या 5 बजे तक स्टेडियम पहुंचने की संभावना है, जबकि रावण दहन का कार्यक्रम संध्या 5:30 बजे तक संपन्न करा दिया जाएगा।
उन्होंने आयोजन की तैयारियों में सहयोग एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए जिला प्रशासन के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन के सहयोग से कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर समिति से जुड़े ददन गिरी, राजेश फैशन, कन्हैया सिंह, विभूति शर्मा, सुनील सिंह, मनोज संकल्प, मनोज कुमार, धनंजय सिंह तोमर, चंदन सिंह, कुंवर जायसवाल, मनीष कुमार मनी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
समिति ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर विजयादशमी के इस भव्य आयोजन का हिस्सा बनें तथा आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व मनाएं।
#indian #bihar #chapra #durgapuja
Chapra, Saran | Oct 18, 2026