
#बालाघाट
नक्सल प्रभावित रहे सात गांवों में बनेंगे उप स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवन
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने 4 करोड़ 55 लाख रुपये की दी स्वीकृति, प्रत्येक केंद्र के भवन निर्माण पर खर्च होंगे 65 लाख रुपये
नक्सलवाद से मुक्त होने के बाद बालाघाट जिले के पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास की नई इबारत लिखने के प्रयास तेज हो गए हैं। इन क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा जिले के सात गांवों में उप स्वास्थ्य केंद्रों के भवन निर्माण के लिए 4 करोड़ 55 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कर प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
स्वीकृत राशि से बिरसा विकासखंड के ग्राम कुंडेकसा, अडोरी, लालपुर, कोरका एवं कोदापार तथा बैहर विकासखंड के ग्राम नव्ही (लातरी) एवं बम्हनी में उप स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवन बनाए जाएंगे। प्रत्येक भवन के निर्माण के लिए 65 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इन उप स्वास्थ्य केंद्रों के भवनों में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आवश्यक सुविधाओं के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) के लिए आवास भी बनाया जाएगा। इसके अलावा सेनेटरी फिटिंग, विद्युतीकरण, नलकूप तथा बाउंड्रीवॉल का निर्माण भी किया जाएगा, ताकि स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
ग्रामीणों को गांव में ही मिलेंगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं
इन सात गांवों में उप स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवन बनने से स्थानीय ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं का बेहतर लाभ मिल सकेगा। विशेष रूप से दूरस्थ वनांचल और आदिवासी बहुल क्षेत्रों के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। स्वास्थ्य केंद्रों की आधारभूत संरचना मजबूत होने से नियमित स्वास्थ्य जांच, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण तथा अन्य प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हो सकेगा।
उल्लेखनीय है कि नक्सलवाद से मुक्ति के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर बालाघाट जिले के पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इन क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सात गांवों में उप स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण की स्वीकृति भी इसी विकास अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी है।
इन प्रयासों से उम्मीद है कि कभी नक्सलवाद की चुनौतियों से प्रभावित रहे वनांचल के गांवों में अब बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार आएगा।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#healthminmp
#WelfareTribal