अतिवृष्टि से फसल नुकसान पर 72 घंटे में करें बीमा दावा दर्ज- कलेक्टर श्री यादव
===
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने जिले के किसानों से अपील की है कि हाल ही में हुई अतिवृष्टि के कारण बाढ़, जलभराव अथवा अन्य कारणों से खरीफ फसल को नुकसान हुआ है और किसान ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल का बीमा कराया है, तो वे तत्काल अपनी फसल क्षति की सूचना दर्ज कराएं।
श्री यादव ने कहा प्रभावित किसान 14447 नंबर पर कॉल कर 72 घंटे के भीतर अपनी शिकायत दर्ज कराएं, ताकि फसल नुकसान का समय पर सर्वे एवं बीमा संबंधी कार्रवाई हो सके। शिकायत दर्ज होने के बाद बीमा कंपनी के अधिकारी 7 दिवस के भीतर मौके पर पहुंचकर फसल का निरीक्षण करेंगे तथा नियमानुसार बीमा राशि के भुगतान संबंधी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी पात्र किसान भाइयों से आग्रह किया है कि फसल नुकसान की स्थिति में बिना विलंब किए 14447 पर सूचना दर्ज कराएं, जिससे उन्हें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने की कार्रवाई समय पर सुनिश्चित की जा सके।