
विमल क्लीनिक पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर में देखे गए 105 मरीज
कोंच। मार्कंडेयश्वर तिराहा स्थित विमल क्लीनिक पर रविवार को स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया जिसमें 105 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और जरूरी चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
शिविर में बाल रोग विशेषज्ञ, जनरल फिजिशियन एवं सर्जन डॉ. अमन आनंद (एमबीबीएस) तथा पीटी/ओपीटी फिजियोथेरेपिस्ट एवं नेत्र परीक्षक कुलदीप सिंह द्वारा मरीजों की जांच एवं परामर्श दिया गया। शिविर में आंख, नाक, कान एवं गला संबंधी रोग, कमर दर्द, घुटने का दर्द, शुगर, ब्लड प्रेशर, सिर दर्द, आंखों से धुंधला दिखना आदि को लेकर नेत्र परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। डॉ. अमन ने बदलते मौसम एवं बरसात को देखते हुए स्वास्थ्य के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी। बताया कि मानसून के समय बैक्टीरिया, वायरस तथा मच्छरों के पनपने के कारण सर्दी-जुकाम, वायरल बुखार, डेंगू, मलेरिया और पेट से संबंधित संक्रमण जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में साफ-सफाई, संतुलित खानपान, स्वच्छ पानी का सेवन तथा मच्छरों से बचाव बेहद जरूरी है। स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए भी सावधानी जरूरी है। उन्होंने स्वाइन फ्लू (एच1एन1 इन्फ्लूएंजा) से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि खांसी या छींक आने पर मास्क का प्रयोग करें और मुंह-नाक को ढककर रखें। हाथों को साबुन और पानी से बार-बार धोएं तथा बीमार व्यक्ति के साथ नजदीकी संपर्क और अनावश्यक भीड़भाड़ से बचें। पर्याप्त आराम और पानी का सेवन भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि तेज बुखार, सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द, अत्यधिक कमजोरी अथवा स्वास्थ्य की स्थिति बिगड़ने पर बिना देरी किए चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों को सलाह दी कि बरसात के मौसम में छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें। तेज बुखार, लगातार उल्टी-दस्त, अत्यधिक सुस्ती, सांस लेने में परेशानी, शरीर पर असामान्य दाने या पानी की कमी के लक्षण दिखाई दें तो घरेलू उपचार में समय न गंवाते हुए चिकित्सकीय सलाह लें। शिविर में फार्मासिस्ट ज्योत्सना, अमन गौतम, अभिषेक, तौफीक भदेवरा, गीता तिवारी आदि ने सहयोग किया।
Konch, Jalaun | Sep 14, 2026