
#MereSapnoKaBharat विषय पर भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित
#SewaSankalpAbhiyan के अंतर्गत विद्यार्थियों ने सेवा, स्वच्छता एवं राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश
मध्यप्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय जौरा में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विकसित भारत-2047, सेवा कार्य, स्वच्छता, योग एवं ध्यान, शासकीय योजनाओं के प्रति जागरूकता तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री राहुल गुप्ता ने विद्यार्थियों को सेवा संकल्प अभियान की विभिन्न गतिविधियों में अधिक से अधिक सहभागिता करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य डॉ. एच.एन. सिंह हाड़ा ने स्वागत उद्बोधन में विद्यार्थियों से अभियान के उद्देश्यों को आत्मसात करते हुए विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भागीदारी करने का आह्वान किया।
भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने सपनों के भारत की परिकल्पना, सामाजिक उत्तरदायित्व, सेवा भावना एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी सोच को प्रभावी एवं रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि श्री राहुल गुप्ता द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संयोजन एवं मंच संचालन प्रो. अशोक कुमार ने किया। आयोजन डॉ. यदुनंदन प्रसाद उपाध्याय एवं डॉ. नीलम राजपूत के सक्रिय समन्वय तथा प्राचार्य डॉ. एच.एन. सिंह हाड़ा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ के साथ राष्ट्रीय सेवा योजना एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. चमन प्रकाश विमल ने अतिथियों, प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
#JansamparkMP #morena2026 #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh