
क्राउन पार्क के पीछे चल रहा था जुए का फड़, पुलिस ने दबिश देकर 3 जुआरियों को पकड़ा
देवास। जिले में अवैध जुआ-सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन “प्रहार” के तहत सिविल लाइन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 4,500 रुपए नकद और एक ताश की गड्डी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्राउन पार्क कॉलोनी के पीछे कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपयों की हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देखते ही जुआ खेल रहे लोगों में भगदड़ मच गई और उन्होंने भागने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आजाद पिता अब्दुल सत्तार राणा (52), इकबाल पिता मुंशी राणा (51), दोनों निवासी भगतसिंह मार्ग, देवास, और कमलेश पिता जुगल किशोर जाटव (48), निवासी मुखर्जी नगर, देवास के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4,500 रुपए नकद और एक ताश की गड्डी जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह वर्धमान एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजय सिंह लोधी के नेतृत्व में की गई।