देवास में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, ₹11.50 लाख की सामग्री जब्त
3650 किलो महुआ लाहन, 80 लीटर हाथभट्टी और 58 लीटर विदेशी शराब बरामद, आर्टिगा वाहन भी जब्त
देवास। जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग और पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की। 8 सितंबर को देवास के खटम्बा सहित कन्नौद, खातेगांव, नेमावर और सतवास क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई में करीब 3650 किलोग्राम महुआ लाहन, 80 लीटर हाथभट्टी मदिरा और 58 लीटर विदेशी मदिरा जब्त की गई। कार्रवाई में आर्टिगा कार क्रमांक MP09DR3096 भी जब्त की गई है।
आबकारी विभाग के अनुसार जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 11 लाख 50 हजार रुपये है। कार्रवाई के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 12 प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें धारा 34(1)(क) के तहत 11 प्रकरण और धारा 34(2) के तहत विदेशी मदिरा से संबंधित 1 प्रकरण शामिल है।
इन इलाकों में हुई कार्रवाई
संयुक्त टीम ने खटम्बा, सोनखेड़ी, हरिजन बस्ती, सीकलीगर मोहल्ला, सतवास, पीपलकोटा, खातेगांव और नेमावर सहित अन्य स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से संग्रहित महुआ लाहन और शराब बरामद की गई।
यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त मध्यप्रदेश के निर्देश पर कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया के मार्गदर्शन में की गई।
अभियान में आबकारी विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ खातेगांव, नेमावर और सतवास पुलिस बल की भूमिका रही। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और परिवहन के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
👉 12 प्रकरण दर्ज
👉 ₹11.50 लाख की सामग्री जब्त
👉 3650 किलो महुआ लाहन बरामद
👉 138 लीटर शराब जब्त
👉 आर्टिगा वाहन MP09DR3096 जब्त