देवास पुलिस के तीन अधिकारियों को मिली पदोन्नति, बने निरीक्षक
पदोन्नति पर एसपी पुनीत गेहलोद ने दी बधाई, नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं
देवास। मध्यप्रदेश शासन द्वारा जारी पदोन्नति आदेश के तहत देवास पुलिस के तीन अधिकारियों को निरीक्षक (TI) पद पर पदोन्नत किया गया है। पदोन्नति मिलने पर पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
निरीक्षक पद पर पदोन्नत होने वाले अधिकारियों में राहुल रावत, राकेश चौहान और कविता माले शामिल हैं। पदोन्नति के अवसर पर पुलिस अधीक्षक गेहलोद ने कहा कि पदोन्नति अधिकारी के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्य का सम्मान है। नई जिम्मेदारी के साथ अधिकारियों से और अधिक प्रभावी एवं जिम्मेदार पुलिसिंग की अपेक्षा है।
उन्होंने पदोन्नत अधिकारियों से ईमानदारी, पूर्ण निष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ नई जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपेक्षा जताई। साथ ही कहा कि अधिकारियों की कार्यकुशलता से देवास पुलिस की व्यवस्था और जनविश्वास को और मजबूती मिलेगी।
पदोन्नति की खबर के बाद देवास पुलिस परिवार में भी खुशी का माहौल रहा। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने तीनों पदोन्नत अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।