
14 नवंबर को बाल दिवस पर जिला जेल में बंदी माता-पिता से बच्चों को कराई जाएगी विशेष मुलाकात
प्रात: 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगी स्पर्श मुलाकात
===============================
बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर 2026 (शनिवार) को जिला जेल छिंदवाड़ा में निरुद्ध बंदी माता-पिता को उनके 4 से 10 वर्ष तक के बच्चों से विशेष स्पर्श मुलाकात कराई जाएगी। यह मुलाकात प्रात: 09:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक आयोजित होगी।
इस संबंध में जिला जेल अधीक्षक छिंदवाड़ा श्री प्रतीक कुमार जैन ने बताया कि विशेष मुलाकात के लिए कुछ आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत केवल 4 से 10 वर्ष तक के बच्चों को ही जेल में निरुद्ध अपने माता-पिता से स्पर्श मुलाकात की अनुमति दी जाएगी। अन्य अभिभावकों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
मुलाकात के लिए आने वाले सभी बच्चों एवं उनके साथ उपस्थित अभिभावकों का पंजीयन अनिवार्य होगा। पंजीयन दोपहर 01:00 बजे तक कराया जा सकेगा। बच्चों को अपने आधार कार्ड अथवा अन्य पहचान पत्र की छायाप्रति साथ लाना अनिवार्य है। पहचान पत्र उपलब्ध नहीं होने पर मुलाकात की अनुमति नहीं दी जाएगी।
जिला जेल अधीक्षक छिंदवाड़ा श्री जैन ने बताया कि 14 नवंबर को सामान्य परिजन मुलाकात बंद रहेगी। इस दिन केवल बच्चों को ही स्पर्श मुलाकात की सुविधा प्रदान की जाएगी। बच्चों के साथ आने वाले अभिभावक अपने निजी वाहन जेल परिसर स्थित वाहन स्टैंड में ही खड़े करेंगे। सार्वजनिक वाहनों को जेल परिसर के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
मुलाकात के बाद बच्चों को उनके अभिभावकों की पहचान एवं पुष्टि करने के उपरांत ही सुपुर्द किया जाएगा। इस प्रक्रिया में सभी से धैर्य बनाए रखने की अपील की गई है। संपूर्ण मुलाकात व्यवस्था सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संपन्न होगी। जेल प्रशासन ने मुलाकात व्यवस्था को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपेक्षा की है।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh