नकली शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने आबकारी विभाग ने छिंदवाड़ा-पांढुर्णा में कबाड़ दुकानों की सघन जांच की
खाली शराब की बोतलों, बारदानों एवं पैकेजिंग सामग्री के संग्रहण और उपयोग की हुई जांच, नकली शराब की री-पैकेजिंग रोकने निगरानी बढ़ाई
=========================
अवैध एवं नकली शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए अब नकली शराब के निर्माण एवं री-पैकेजिंग में उपयोग की जा सकने वाली सामग्री के संभावित स्रोतों की भी सघन जांच की जा रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिए गए निर्देशों के परिपालन में सहायक आबकारी आयुक्त श्री बी.आर. वैद्य के निर्देशानुसार छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले में कबाड़ दुकानों एवं विभिन्न प्रतिष्ठानों की सघन जांच की गई।
खाली शराब की बोतलों एवं पैकेजिंग सामग्री की जांच - आबकारी विभाग की टीमों द्वारा कबाड़ दुकानों में संग्रहित खाली शराब की बोतलों, प्लास्टिक के बारदानों एवं अन्य पैकेजिंग सामग्री का निरीक्षण किया गया। जांच का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि इन सामग्रियों का उपयोग किसी भी स्तर पर अवैध शराब के निर्माण अथवा री-पैकेजिंग में न हो सके। विभाग द्वारा सामग्री के संग्रहण, उपयोग एवं निस्तारण की प्रक्रिया पर भी निगरानी रखी जा रही है।
जांच के दौरान प्लास्टिक के खाली बारदानों को मशीनों के माध्यम से दबाकर बंडल तैयार करने तथा उन्हें रीसाइक्लिंग के लिए भेजने की प्रक्रिया भी सामने आई। विभाग द्वारा इस प्रकार की सामग्री के उपयोग एवं निस्तारण की जांच की जा रही है, ताकि इसके किसी भी प्रकार के अवैध उपयोग की संभावना को रोका जा सके।
नकली होलोग्राम एवं री-पैकेजिंग की संभावनाओं पर भी निगरानी - नकली शराब के कारोबार में खाली शराब की बोतलों एवं पैकेजिंग सामग्री के संभावित दुरुपयोग को देखते हुए विभाग द्वारा जांच के दायरे में कई महत्वपूर्ण पहलुओं को शामिल किया गया है। इसमें खाली बोतलों का अनाधिकृत संग्रहण एवं पुनः उपयोग, नकली होलोग्राम तथा अन्य पैकेजिंग सामग्री का दुरुपयोग शामिल है। विभाग द्वारा कबाड़ व्यापारियों एवं संबंधित प्रतिष्ठानों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव के निर्देशों के परिपालन में बहुआयामी कार्रवाई जारी - मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशों के परिपालन में आबकारी विभाग द्वारा अवैध एवं नकली मदिरा के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके अंतर्गत मदिरा निर्माण के संभावित ठिकानों पर दबिश देने, अवैध परिवहन एवं विक्रय पर नियंत्रण रखने, मदिरा के होलोग्राम पर अंकित क्यूआर कोड की जांच करने तथा खाली बोतलों एवं पैकेजिंग सामग्री के संभावित दुरुपयोग को रोकने के लिए निगरानी बढ़ाई गई है।
आबकारी विभाग द्वारा नकली शराब के कारोबार से जुड़ी पूरी श्रृंखला पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले में जांच एवं निगरानी अभियान आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh