राष्ट्रीय पक्षी दिवस पर पूर्व राज्यपाल सुश्री अनुसुइया उइके ने किया पर्यावरणीय गतिविधियों के कैलेंडर का विमोचन
ईको क्लब की गतिविधियों की जानकारी साझा कर भेंट की गई पर्यावरण संरक्षण किट, पक्षियों के संरक्षण के लिए किया जनसामान्य से आव्हान
============================
राष्ट्रीय पक्षी दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ एवं मणिपुर की पूर्व राज्यपाल सुश्री अनुसुइया उइके के निवास स्थान पर पहुंचकर राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षाविद् एवं समाजसेवी तथा ईको क्लब के जिला नोडल अधिकारी श्री विनोद तिवारी एवं नेहरू युवा केंद्र के सेवानिवृत्त जिला युवा समन्वयक श्री के.के. उरमलिया ने उनसे सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने जिले में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों एवं ईको क्लब के माध्यम से संचालित गतिविधियों की जानकारी साझा की। इस अवसर पर श्री विनोद तिवारी द्वारा पूर्व राज्यपाल सुश्री उइके को ईको क्लब की किट भी भेंट की गई।
विद्यालयों में ईको क्लब के माध्यम से होंगी पर्यावरणीय गतिविधियां - श्री विनोद तिवारी ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे.के. इड़पाचे के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में पर्यावरण शिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत ईको क्लब के विद्यार्थियों द्वारा अपने मार्गदर्शी शिक्षकों के सहयोग से सीड बॉल निर्माण, हर्बल गार्डन विकसित करने तथा इको फ्रेंडली गतिविधियां संचालित की जाएंगी। राष्ट्रीय पक्षी दिवस के अवसर पर पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन (एप्को), भोपाल से प्राप्त पर्यावरणीय गतिविधियों के पोस्टर का पूर्व राज्यपाल सुश्री अनुसुइया उइके द्वारा विमोचन भी किया गया।
जिला जेल में तैयार हो रहे लकड़ी के बर्ड हाउस - श्री तिवारी ने जिले में पक्षी संरक्षण के लिए किए जा रहे नवाचारों की जानकारी देते हुए बताया कि जिला जेल छिन्दवाड़ा में जेलर श्री जैन के मार्गदर्शन में बंदियों द्वारा बड़ी संख्या में लकड़ी के बर्ड हाउस तैयार किए जा रहे हैं। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक नागरिकों के साथ विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विभागों द्वारा भी इन बर्ड हाउस को जिला जेल से क्रय किया जा रहा है। इन्हें घरों एवं अन्य उपयुक्त स्थानों पर लगाया जा रहा है, ताकि पक्षियों को विभिन्न मौसमों में सुरक्षित आश्रय के साथ दाना-पानी उपलब्ध हो सके।
पूर्व राज्यपाल ने अपने निवास पर भी किए हैं पक्षियों के संरक्षण के प्रयास - इस अवसर पर पूर्व राज्यपाल सुश्री अनुसुइया उइके ने अपने निवास परिसर में लगे पेड़ों पर स्थापित बर्ड हाउस के माध्यम से पक्षियों के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक तरीके से पेड़ों पर बर्ड हाउस लगाकर पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने राष्ट्रीय पक्षी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए आमजन से आव्हान किया कि सभी लोग पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सार्थक पहल करें तथा पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करने के साथ उनके संरक्षण में भी योगदान दें।
उन्होंने कहा कि हमारे जीव-जंतु एवं पशु-पक्षी सुरक्षित रहेंगे, तभी पर्यावरण का संरक्षण संभव हो सकेगा। उनके द्वारा पूर्व में भी पौधारोपण, जैविक कृषि सहित पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अनेक कार्य किए गए हैं और आगे भी इस दिशा में निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने श्री विनोद तिवारी एवं ईको क्लब की पूरी टीम द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
राज्य स्तरीय जैव विविधता पुरस्कार प्राप्त होने पर श्री तिवारी का सम्मान - इस अवसर पर पूर्व राज्यपाल सुश्री अनुसुइया उइके ने वर्ष 2025 का राज्य स्तरीय जैव विविधता प्रथम पुरस्कार प्राप्त होने पर श्री विनोद तिवारी को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए श्री के.के. उरमलिया का भी शॉल एवं श्रीफल से सम्मान किया गया।
#राष्ट्रीय_पक्षी_दिवस
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh