‘फार्मर्स फॉर फॉरेस्ट्स’ परियोजना के तहत अमरवाड़ा क्षेत्र में विशेष पौधारोपण एवं प्रक्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम आयोजित
अमरवाड़ा में किसानों के खेतों में किया पौधारोपण, प्राकृतिक खेती के क्लस्टर में पौधारोपण को दी जा रही प्राथमिकता
=============================
पर्यावरण संरक्षण और किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से संचालित ‘फार्मर्स फॉर फॉरेस्ट्स’ परियोजना के तहत आज अमरवाड़ा क्षेत्र में विशेष पौधारोपण एवं प्रक्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कृषि विभाग के उप संचालक श्री मॉरिस नाथ तथा आत्मा परियोजना के परियोजना संचालक श्री धीरज ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित थे।
इस दौरान अधिकारियों ने अमरवाड़ा विकासखंड के ग्राम हरनभाटा में किसान श्री प्रेमलाल उइके के खेत का निरीक्षण किया तथा स्वयं पौधारोपण किया। अधिकारियों एवं संस्था के प्रतिनिधियों ने कृषि और उद्यानिकी के समन्वय से किसानों की आजीविका को सुदृढ़ करने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की। जिले में संचालित प्राकृतिक खेती के क्लस्टरों में बड़े पैमाने पर पौधारोपण को बढ़ावा देने के लिए मैदानी अमले को कृषकों के चयन के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने बताया कि व्यापक स्तर पर पौधारोपण से किसानों को भविष्य में मार्केटिंग की सुविधा मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। ड्रिप सिंचाई प्रणाली से पौधों के जीवित रहने की संभावना बढ़ेगी। साथ ही पौधों के बीच उपलब्ध खाली स्थान में अंतरवर्तीय फसलें लेकर किसान अतिरिक्त आय अर्जित कर सकेंगे। इससे खेती में विविधता को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
प्रति एकड़ 283 उन्नत पौधे और ड्रिप सिंचाई की सुविधा - संस्था द्वारा किसानों को प्रति एकड़ 283 उच्च गुणवत्ता वाले फलदार एवं इमारती पौधे नि:शुल्क/सहयोग स्वरूप उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इनमें प्रमुख रूप से आम की केसर एवं दशहरी किस्म, संतरा, नींबू और सागौन के पौधे शामिल हैं। पौधों के बेहतर संवर्धन और जल संरक्षण के लिए किसानों को ड्रिप सिंचाई प्रणाली के साथ जैविक खाद की सुविधा भी प्रदान की जा रही है। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ भविष्य में किसानों को नियमित एवं अतिरिक्त आय प्राप्त होने की संभावना है।
मध्यप्रदेश के पांच जिलों में संचालित है पहल - ‘फार्मर्स फॉर फॉरेस्ट्स’ संस्था वर्तमान में मध्यप्रदेश के पांच जिलों छिंदवाड़ा, बैतूल, सिवनी, बालाघाट और जबलपुर में कृषि-वानिकी मॉडल के माध्यम से व्यापक स्तर पर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में कृषि विभाग के उप संचालक श्री मॉरिस नाथ, आत्मा परियोजना के श्री धीरज ठाकुर, कृषक श्री प्रेमलाल उइके सहित श्री जगत टेकाम, श्री सुशील जंघेला, श्री पंकज सरेआम तथा ‘फार्मर्स फॉर फॉरेस्ट्स’ छिंदवाड़ा टीम के लीडर श्री राजेश सूर्यवंशी, श्री योगेश साहू एवं स्थानीय किसान उपस्थित थे।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh