ग्राम पंचायत चिखलमऊ में जल संरक्षण जागरूकता संगोष्ठी एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित
=========================
वर्तमान परिस्थितियों में जल संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। सभी को अपने कर्तव्यों के साथ जल संरक्षण के कार्यों में सामूहिक रूप से सहभागिता निभाने का संकल्प लेना चाहिए। संगठित प्रयासों से ही आने वाले समय में जल संकट से बचा जा सकता है।
इसी उद्देश्य से पंख सामाजिक विकास संस्थान जुन्नारदेव द्वारा मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड जुन्नारदेव के तत्वावधान में ग्राम पंचायत चिखलमऊ में जल संरक्षण विषय पर आज जागरूकता संगोष्ठी एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के मार्गदर्शन एवं विकासखंड समन्वयक श्री संजय बामने की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक श्री संजय बामने ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जल के महत्व, संरक्षण के तरीकों एवं गिरते भूजल स्तर के प्रति जागरूक किया। उन्होंने वर्षा जल संचयन, पारंपरिक जल स्रोतों के पुनरुद्धार तथा दैनिक जीवन में पानी की बर्बादी रोकने के व्यावहारिक उपायों की विस्तार से जानकारी दी। संगोष्ठी के अंत में श्री संजय बामने ने उपस्थित ग्रामीणों को जल संरक्षण करने एवं जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने की सामूहिक शपथ दिलाई।
इस अवसर पर मेंटर श्री सरजूलाल विश्वकर्मा ने कहा कि छात्र-छात्राओं को साथ लेकर निरंतर छोटे-छोटे स्तर पर जल संरक्षण के कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही ग्रामीणों को प्रेरित कर जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है, ताकि सभी एक-दूसरे को जल संरक्षण के प्रति जागरूक कर सकें। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक श्री संजय बामने, मेंटर श्री सरजूलाल विश्वकर्मा, सुश्री दीपा मेश्राम, श्रीमती योगिता मर्सकोले, श्रीमती दिशा साहू, श्रीमती दुर्गा उईके, श्रीमती सिद्धि पाटिल सहित समस्त ग्रामवासी उपस्थित थे। सभी ने जल संरक्षण एवं जल बचाने का संकल्प लिया।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh