
भिवानी की युवा शिक्षिका मनीषा की मौत मामले में पंचकूला की स्पेशल CBI अदालत ने सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट खारिज कर दी है। अदालत ने आत्महत्या की थ्योरी को गंभीर खामियों से भरा पाया और नए सिरे से निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं।
कोर्ट ने एएसआई शकुंतला, डीएसपी संजीव कुमार, सिंघानी स्थित देवेंद्र खाद भंडार के संचालक तथा आइडियल नर्सिंग कॉलेज के मालिक अशोक कुमार सांगवान की भूमिका की जांच करने को कहा है। इन सभी के कॉल रिकॉर्ड निकाले जाएंगे और उनकी सहमति से नार्को एनालिसिस, ब्रेन फिंगरप्रिंटिंग तथा BEOS टेस्ट कराए जाएंगे।
पुलिस और सीबीआई ने माना था कि मनीषा ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या की और बाद में जानवरों ने उसके शव को नुकसान पहुंचाया। लेकिन एम्स दिल्ली के पांच डॉक्टरों के मेडिकल बोर्ड ने कहा कि मौत गर्दन पर धारदार हथियार से किए गए गंभीर हमले से हुई, न कि जहर से; शव पर जानवरों के काटने के कोई संकेत भी नहीं मिले।
अदालत ने पाया कि पुलिस ने दावा किया था कि सीसीटीवी फुटेज में मनीषा को खाद भंडार से कीटनाशक खरीदते दिखाया गया था, लेकिन न्यायालयीन फाइल में ऐसा कोई फुटेज मौजूद नहीं था। खाद भंडार के रजिस्टर में भी संबंधित एंट्री में मनीषा के पिता का नाम दर्ज नहीं था, जबकि अन्य प्रविष्टियों में नाम दर्ज रहता था।
कॉलेज मालिक अशोक कुमार सांगवान से ली गई सीसीटीवी की डीवीआर को डीएसपी संजीव कुमार ने 17 अगस्त 2025 को लिया था। अदालत ने इसे जांच की दृष्टि से महत्वपूर्ण पहलू माना और निर्देश दिए कि सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग की दो प्रयोगशालाओं के कम से कम तीन विशेषज्ञों से नई जांच कराई जाए।
अदालत ने सीबीआई को मनीषा के फोन और उनके रिश्तेदार संजय कुमार के फोन का डेटा एकत्र करने तथा काले स्कॉर्पियो वाहन को ट्रेस करने के निर्देश दिए हैं। मामले में अगली सुनवाई 23 दिसंबर 2026 को होगी, जब सीबीआई को जांच की स्टेटस रिपोर्ट पेश करनी होगी।
मृतका के पिता संजय की विरोध याचिका स्वीकारते हुए अदालत ने कहा कि पुलिस और सीबीआई की जांच पक्षपातपूर्ण और दोषपूर्ण थी। परिजनों का आरोप है कि घटना सिंघानी स्थित कॉलेज से जुड़ी है और सच्चाई सामने लाने के लिए पूरी जांच दोबारा होनी चाहिए।
#manishmurdercase #haryana
Sirsa, Sirsa | Nov 10, 2026