सिरसा में धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया छठ पर्व
- विधायक गोकुल सेतिया के शहर से बाहर होने पर छोटे भाई विभोर सेतिया ने तीनों आयोजनों में की शिरकत
- गोकुल सेतिया ने निजी कोष से आयोजक समितियों को 31-31 हजार रुपये देने की घोषणा
- धर्मशालाओं के लिए दिए 7 लाख
सिरसा।
शहर में पूर्वांचल समाज की आस्था और लोक परंपरा का महापर्व छठ पूजा धूमधाम, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। पार्क सिटी के समीप आयोजित तीन अलग-अलग छठ पूजा कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इन तीनों आयोजनों में सिरसा के विधायक गोकुल सेतिया के शहर से बाहर होने के कारण उनके छोटे भाई विभोर सेतिया ने विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने आयोजकों और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं तथा पूर्वांचल समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति अपनी सहभागिता व्यक्त की।
इस अवसर पर विधायक गोकुल सेतिया भी सोशल मीडिया के माध्यम से लाइव जुड़े। उन्होंने अपने संदेश में छठ पर्व की सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। यह पर्व समाज में आपसी भाईचारे, एकता और सांस्कृतिक समरसता का संदेश देता है।
विधायक गोकुल सेतिया ने तीनों आयोजक संस्थाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए अपने निजी कोष से प्रत्येक समिति को 31-31 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के लिए आधारभूत सुविधाएं विकसित करने के उद्देश्य से जय मां सरस्वती सेवा समिति की धर्मशाला के निर्माण के लिए पुनः 5 लाख रुपये तथा पूर्वांचल सेवा समिति की धर्मशाला के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की।
गौरतलब है कि छठ पूजा के अवसर पर आयोजित तीनों कार्यक्रमों का आयोजन जय मां सरस्वती सेवा समिति, पूर्वांचल सेवा समिति और बिहार सेवा समिति की ओर से किया गया था। इन आयोजनों के माध्यम से पूर्वांचल समाज के लोगों ने अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार छठी मैया की पूजा-अर्चना की और अस्ताचलगामी एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का विधिवत निर्वहन किया। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
विधायक गोकुल सेतिया की ओर से घोषित आर्थिक सहयोग को लेकर आयोजक समितियों ने उनका आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विभोर सेतिया की उपस्थिति ने भी आयोजन में सामाजिक सहभागिता को मजबूती प्रदान की।
Sirsa, Sirsa | Nov 15, 2026