19 नवंबर को ओढ़ा,गंगा और अलीकां में आयोजित होगी वोट बचाओ देश बचाओ चौपाल
Amit Sihag
कैथल के विधायक आदित्य सुरजेवाला होंगे मुख्य वक्ता
कांग्रेस पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे वोट बचाओ देश बचाओ अभियान के अंतर्गत आगामी 19 नवंबर को हलका डबवाली के ओढ़ा,गंगा तथा अलीकां गांव में वोट बचाओ देश बचाओ चौपाल का आयोजन किया जा रहा है।
डबवाली कांग्रेस ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है जिसके अंतर्गत वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ केवी सिंह तथा पूर्व विधायक अमित सिहाग ने आयोजन स्थल का जायजा लिया तथा पार्टी कार्यकर्ताओं संग आगामी रूप रेखा बनाई। सिहाग ने बताया कि उपरोक्त कार्यक्रम गंगा गांव में गंगा मैया धाम, अलीकां गांव में शेरगढ़ रोड के पंचायत घर तथा ओढ़ा में घूंकावाली कैंचीयों पर आयोजित किया जाएगा।अधिक जानकारी देते हुए पूर्व विधायक ने बताया कि उपरोक्त कार्यक्रम में वोट बचाओ देश बचाओ अभियान हेतु ज़िला सिरसा में नियुक्त किए गए कैथल के विधायक आदित्य सुरजेवाला मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे।
अमित सिहाग ने बताया कि SIR में काटे जा रहे वोट तथा जिस प्रकार से केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा चुनाव आयोग का दुरूपयोग कर चुनाव को प्रभावित कर प्रजातंत्र को कमज़ोर करने का जो काम किया जा रहा है वो अब सार्वजनिक हो गया है और राहुल गांधी ने सबूतों के साथ इसे उजागर किया है। उन्होंने कहा कि इसके विरोध में मल्लिकार्जुन खड़गे तथा राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन ने दिल्ली की सड़कों तथा राम लीला ग्राउंड में अपनी आवाज बुलंद की थी और अब इस आवाज को जनता तक पहुंचाने के लिए वोट बचाओ देश बचाओ चौपाल का आयोजन किया जा रहा है।
सिहाग ने कहा कि हमारे वोट रक्षक एसआईआर में काटे गए जायज नाजायज वोटों की पड़ताल करेंगे और हाल ही में कांग्रेस पार्टी द्वारा लॉन्च की गई वेबसाइट के माध्यम से शिकायत दर्ज करवा मतदाताओं का सहयोग करेंगे।
Sirsa, Sirsa | Nov 15, 2026